Bareilly News: करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार गोला बंधुओं पर कसा शिकंजा, पुलिस ने तैयार किया गैंग चार्ट
बरेली में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी गोला बंधुओं के खिलाफ गैंगस्टर की रिपोर्ट दर्ज हो सकती है। पुलिस ने इनका गैंग चार्ट तैयार कर लिया है।
विस्तार
बरेली में आईसीएल कंपनी के जरिये लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करके फरार गोला बंधुओं पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने गोला बंधुओं का अब गैंग चार्ट तैयार कर लिया गया है, जल्द ही जिले में बीएनएस की धाराओं में गैंगस्टर की पहली रिपोर्ट इन्हीं पर दर्ज हो सकती है।
जनता को भविष्य के सुनहरे सपने दिखाकर करोड़ों रुपये हड़पने वाले गोला बंधुओं में एक जेल में तो दूसरा फरार है। परेशान निवेशकों ने ही आईसीएल के मालिक आरोपी आरके गोला व उसके साथी जितेंद्र को कामधेनु डेयरी प्लांट वाले आलीशान फार्म हाउस से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।
इसके बाद अधिकारियों के आदेश पर कई रिपोर्ट दर्ज की गईं। प्रेमनगर थाने में ही गोला व उसके भाई एके गोला और पदाधिकारियों पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हुए। कुछ मुकदमे बदायूं व अन्य जिलों में दर्ज कराए गए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आईसीएल ग्रुप के लोगों के खिलाफ विवेचना अंतिम दौर में है। कई मामलों में चार्जशीट हो चुकी है। इनका गैंग चार्ट जल्द जारी किया जाएगा। पता लगा है कि आरोपियों ने अपनी काफी संपत्ति परिजनों व रिश्तेदारों के नाम कर रखी है, उसका परीक्षण कराया जा रहा है। गैंगस्टर की कार्रवाई कर उसे जब्त करने का काम किया जाएगा।
रिश्तेदारों-करीबियों के नाम की संपत्ति भी हो रही चिह्नित
प्रेमनगर थाना पुलिस ने केवल मुकदमे दर्ज करने का काम किया लेकिन किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रयास नहीं किया। मोटे मुनाफे की स्कीमों के चक्कर में छले गए निवेशकों ने एसएसपी अनुराग आर्य को पुलिस और गोला के करीबियों के बारे में बताया तो उन्होंने विवेचक इंस्पेक्टर प्रेमनगर को तलब कर कार्रवाई की समीक्षा की।
एसएसपी की सख्ती के बाद प्रेमनगर पुलिस ने गोला बंधुओं व उनके खास लोगों का गैंग चार्ट तैयार कर लिया है। पता लगा है कि गोला बंधुओं ने बेनामी संपत्ति दूसरों के नाम कर रखी है। पुलिस इसका परीक्षण कराने में लगी है ताकि अधिक से अधिक संपत्ति जब्त की जा सके।