Free Ration Scheme: राशन कार्डधारकों के लिए अपडेट, जुलाई में इस तारीख से बंटेगा अगस्त का खाद्यान्न
Bareilly News: अगस्त के लिए आवंटित राशन का वितरण 20 जुलाई से शुरू हो जाएगा। जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हुआ है, वह मोबाइल ओटीपी सत्यापन से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
विस्तार
बरेली में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को अगस्त माह के लिए आवंटित राशन का निशुल्क वितरण 20 जुलाई से शुरू होगा। 10 अगस्त तक वितरण किया जाएगा। इसके तहत 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल प्रति कार्ड की दर से मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, पात्र गृहस्थी योजना के तहत प्रति यूनिट दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल मिलेगा। खाद्यान्न वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा रहेगी। विक्रेता उपलब्ध सीमा के अनुसार पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे। जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हुआ है वह मोबाइल ओटीपी सत्यापन से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
7.80 लाख से अधिक हैं कार्डधारक
बरेली जिले में सात लाख 80 हजार से भी अधिक राशन कार्डधारक हैं। जिसमें 6.89 लाख पात्र गृहस्थी और 99 हजार से अधिक अंत्योदय कार्डधारक हैं। जिले में अनाज वितरण के लिए कुल 1785 दुकानें हैं।
यह भी पढ़ें- UP: 'तुम कांवड़ लेने मत जाना...' कविता गाने वाले शिक्षक रजनीश गंगवार को मिल रही धमकी, पुलिस को दी तहरीर
गरीबों के राशन कार्ड काटे, शिकायत
मीरगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरिया मुस्तकिल में गरीब परिवारों के राशन कार्ड काटे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ पात्र परिवारों के राशन कार्ड की गलत रिपोर्ट बनवा गए हैं। शिकायतकर्ता गौरव सिंह आदि ने बताया कि गांव दो नदियों के बीच बसा है, जहां अधिकतर लोग मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं।
इनमें से कुछ बेहद गरीब परिवारों के राशन कार्ड पहले से बने थे, जिससे उन्हें सरकारी राशन मिलता था, लेकिन हाल ही में लेखपाल ने गलत रिपोर्ट लगाकर करीब 12 लोगों के कार्ड निरस्त करा दिए। इनमें कुछ विधवा और बेसहारा लोगों के गलत रिपोर्ट के कारण राशनकार्ड काटे गए हैं।
शिकायत में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें गीता देवी , देवेश कुमार सिंह , कमला देवी , सोमवती और शीला आदि शामिल हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।