Bareilly News: आईटीआर मार्केट में मिठाई की दुकान में भड़की आग, लाखों रुपये का नुकसान
बरेली के सीबीगंज में एक मिठाई की दुकान में मंगलवार सुबह आग लग गई, जिससे काफी सामान जलकर राख हो गया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
विस्तार
बरेली के सीबीगंज में आईटीआर मार्केट स्थित मिठाई की दुकान में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। इससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। पीड़ित के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सीबीगंज थाने के ठीक बराबर में आईटीआर कालोनी गेट पर आईटीआर मार्केट में गौरव अग्रवाल की नारायण स्वीट्स एवं कंफेक्शनरी नाम से दुकान है। गौरव अग्रवाल ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार रात अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सवा छह बजे उधर से निकले लोगों ने दुकान से धुआं व आग की लपटें निकलती देखी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। थाने से पुलिसकर्मी भी पहुंच गए।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाई। घटना से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस घटना में लाखों रुपयों का माल जलकर राख हो गया है। आग कैसे लगी इसमें अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट वजह बताई गई है।
रात में इंद्रा मार्केट में कपड़े की दुकान में लगी थी आग
शहर के इंद्रा मार्केट में रेडीमेड कपड़े की दुकान में सोमवार रात आग भड़क गई। दमकल टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि रात दस बजे करीब मार्केट बंद होने के बाद इस दुकान में आग लग गई। इसकी सूचना स्थानीय दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड को दी।
मौके से टीम पहुंची और थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया। दुकान में रेडीमेड कपड़े भरे थे जो जलकर नष्ट हो गए। दुकान में आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा लग रहा है। दुकान आजमनगर निवासी शोएब की बताई जा रही है।