Shahjahanpur: शॉर्ट सर्किट से ज्वैलरी शोरूम में आग, कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने के नजदीक शनिवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यहां स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के सदर बाजार क्षेत्र में थाने से थोड़ी दूरी पर स्थित विनोद सर्राफ के ज्वैलरी शोरूम में शनिवार रात आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आधे घंटे में आग पर काबू पाया। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। अभी नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।
विनोद सर्राफ सदर बाजार क्षेत्र के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 09:15 बजे वह दुकान बंदकर शाह कॉलोनी स्थित आवास पर चले गए थे। दुकान की रखवाली करने वाले चौकीदार बाबूराम ने दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखकर विनोद सर्राफ को रात करीब 10 बजे जानकारी दी। वह तुरंत दुकान पर आ गए और फायर ब्रिगेड को कॉल कर जानकारी दी।
सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। विद्युत लाइन कटवाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इसके बाद तीन और गाड़ियों को आग बुझाने के लिए मौके पर बुला लिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने 10 बजकर 45 मिनट तक आग पर काबू पाया।
दुकान का फर्नीचर पूरी तरह जला
इधर, मुख्य बाजार में आग लगने की घटना होने के बाद तमाम व्यापारी और लोग मौके पर एकत्र हो गए। विनोद सराफ ने बताया कि अभी नुकसान का अंदाजा नहीं है। दुकान का पूरा फर्नीचर जल गया है।
धुआं छंटने के बाद ही देखा जाएगा कि कितना नुकसान हुआ है। एफएसओ वीएन पटेल ने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। जांच के बाद वास्तविक स्थिति पता चलेगी।