बरेली: दिवाली से पहले किसानों को 11.33 करोड़ रुपये का भुगतान, केसर चीनी मिल पर अब भी 151.67 करोड़ बकाया
बहेड़ी की केसर चीनी मिल ने दिवाली से पहले गन्ना किसानों को 11.33 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान जारी कर दिया है। यह भुगतान प्रशासन की सख्ती के बाद हुआ। अभी भी किसानों के 151.67 करोड़ रुपये बकाया हैं।
विस्तार
बरेली जिले में बहेड़ी की केसर चीनी मिल ने दिवाली से पहले गन्ना किसानों के लिए 11.33 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान जारी किया है। यह धनराशि गन्ना विभाग के एस्क्रो खाते में जमा की गई है, जिससे किसानों के खातों में भुगतान शुरू हो गया है। भुगतान प्रक्रिया प्रशासन की सख्ती के बाद हुई। करीब 11.33 करोड़ रुपये भुगतान के बाद अब किसानों का 151.67 करोड़ बकाया भुगतान और दिया जाना शेष है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर 31 अक्तूबर को एक बैठक हुई थी। इसमें मिल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पिछले सोमवार को एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा समेत अन्य अधिकारी मिल पहुंचकर प्रबंधन के सीईओ शरद मिश्रा, प्रबंध निदेशक हर्ष आर किलाचंद से बात की। अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ने 10 नवंबर तक मिल बिक्री के सौदे को अंतिम रूप देने की जानकारी दी।
अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि 10 नवंबर तक भुगतान न होने पर मिल सील कर नीलामी की जाएगी। साथ ही, दिवाली पर 18 से 20 करोड़ रुपये के भुगतान को कहा था। इसी दबाव पर मिल प्रबंधन ने फिलहाल 11.33 करोड़ रुपये जारी किए हैं। किसानों ने राहत की सांस ली है।
एसडीएम ने दी चेतावनी
बहेड़ी एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि किसानों के संपूर्ण बकाए भुगतान के लिए मिल प्रबंधन ने दस नवंबर तक की तारीख मांगी है। इसके बावजूद वादा पूरा नहीं किया गया तो मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित प्रकरण उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है।