Bareilly: सेंट्रल जेल में बंद शूटर के लाइव चैट से जुड़े थे आठ लोग, महिला वकील भी शामिल, पुलिस कर रही जांच
शूटर आसिफ ने सेंट्रल जेल में अपनी सर्किल की चहारदीवारी के पास खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाया था। लाइव वीडियो से कई लोग जुड़े थे। इसके बाद जेल में छापे मारे गए लेकिन मोबाइल फोन बरामद नहीं हो सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली सेंट्रल जेल में बंद शूटर आसिफ के दो मिनट के लाइव वीडियो में ही उसके आठ करीबी जुड़ गए थे। इनमें शाहजहांपुर की महिला वकील भी शामिल हैं, जो हाथ जोड़कर शूटर का अभिवादन कर रही हैं। इसके अलावा शूटर का दोस्त सांचा, विशन राजपूत, संदीप कुशवाह, राजरत्न आदि जुड़े थे। इस मामले में सेंट्रल जेल के तीन वार्डर निलंबित कर दिए गए थे।
डिप्टी जेलर को हटा दिया गया था, जबकि दो जेलरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं अब शूटर आसिफ को दूसरी जेल में शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है। लाइव वीडियो में शूटर कह रहा है कि वह स्वर्ग में मौज ले रहा है और जल्दी आ रहा है। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
शूटर अपने दोस्त सांचा से कह रहा है कि दोस्त तो दिल में रहते हैं, उनके लिए अलग से जगह नहीं बनाई जाती है। जिंदगी में सबकुछ पैसा ही नहीं, संबंध बनाना भी जरूरी है। पैसे-वैसे चाहिए तो हमसे ले लेना। इसके बाद लाइव चैट समाप्त हो जाती है।
Bareilly: मुख्तार अंसारी से यारी में निलंबित अविनाश को मिली तैनाती, बरेली सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक बने
अब इस लाइव चैट से जुड़े सभी लोगों की प्रोफाइल खंगाली जा रही है कि ये लोग कौन हैं और शूटर को कैसे जानते हैं? शूटर जेल के अंदर से किसे रुपये देने की बात कह रहा है, यह भी जांच का विषय है। शूटर की बातों से ऐसा लग रहा है कि जैसे वह जेल के अंदर से पूरा नेटवर्क चला रहा है।
कहां गायब हो गया मोबाइल फोन, जांच जारी
शूटर ने सेंट्रल जेल में अपनी सर्किल की चहारदीवारी के पास खड़े होकर वीडियो बनाया था। इसके बाद जेल में छापे मारे गए लेकिन मोबाइल फोन बरामद नहीं हो सका। शूटर का मोबाइल फोन जेल से कहां गायब हो गया, इसका जवाब जेल के अधिकारियों के पास भी नहीं है।
शूटर के फोन से कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं और कई बड़े अफसरों की गर्दन भी फंस सकती है। इसलिए फोन को लेकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। वीडियो किस फोन से बनाया गया, उसको चार्ज और रिचार्ज करने की व्यवस्था कैसे होती थी? यह भी जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल, अभी जेल के कई राज खुलने बाकी हैं।
बाबा बकाला का मुरीद है आसिफ
वीडियो में आसिफ बाबा बकाला का आशीर्वाद होने की बात कह रहा है। बताते हैं कि अमृतसर के पास बाबा बकाला शहर में सिख धर्मगुरु बाबा बकाला साहिब के नाम से गुरुद्वारा है जिसकी दूरदराज तक मान्यता है। सूत्रों के मुताबिक शूटर आसिफ भी बाबा बकाला को मानता है। इसके अलावा वह बड़ों का आशीर्वाद होने की बात भी कह रहा है। कयास लगाया जा रहा है कि बड़ों से उसका आशय जेल में स्वर्ग जैसी सुविधाएं देने वाले अफसरों से भी हो सकता है।
डीआईजी जेल कुंतल किशोर ने बताया कि तीन जेल वार्डरों को निलंबित कर दिया गया है। जेल के दोनों जेलरों व डिप्टी जेलर की विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। जिसका जितना दोष मिलेगा, उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। बरेली सेंट्रल जेल में नए अधीक्षक की नियुक्ति की जा रही है।