Bareilly News: फरीदपुर में ताजिया रखने के दौरान तोड़फोड़, पुलिस के सामने बाजार लूटने की धमकी, फैला तनाव
फरीदपुर के मोहल्ला साहूकारा में ताजिया रखने के दौरान तोड़फोड़ की गई। शटर में लाठी-डंडे मारे गए। रविवार सुबह जब व्यापारियों को जानकारी हुई तो तनाव फैल गया।
विस्तार
बरेली के फरीदपुर के साहूकारा बाजार में रविवार को ताजिया रखने वाली जगह के पास स्थित दुकान में तोड़फोड़ की गई। पुलिस के सामने ही बाजार लूटने की धमकी दी गई। विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद करा दिया। हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर आ गए। सड़क पर दरी बिछाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें मनाकर ताजिये निकलवाए।
दरोगा जसवीर सिंह ने अनस, अलतमस, सलीम आढ़ती के छोटे बेटे, मोबीना उर्फ छोटी बहन और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने वाली मोबीना, अनस और नाजिम को गिरफ्तार किया गया है।
फरीदपुर कस्बे के साहूकारा बाजार में रविवार तड़के ताजिया रखने के दौरान कुछ खुराफातियों ने कपड़े की दुकान का स्लैब तोड़ दिया। शटर को भी तोड़ने की कोशिश की। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक स्लैब तोड़ता दिख रहा है।
सुबह व्यापारियों ने यह हाल देखा तो आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बाजार बंद करवा दिया। सड़क पर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। तब तक एसडीएम फरीदपुर मल्लिका नैन व सीओ संदीप कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों को समझा-बुझाकर मनाया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
सभासद का चुनाव लड़ चुकी है मोबीना
गिरफ्तार की गई मोबीना सभासद का चुनाव लड़ चुकी है। वह इलाके में राशन कार्ड बनवाने, आवास, पेंशन आदि का काम कराने के लिए चर्चित है। वह खुद को नेता मानती है। उस पर वसूली के आरोप भी लगते रहे हैं।
एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि रात में किसी खुराफाती ने दुकान का स्लैब तोड़ दिया था। सुबह व्यापारियों ने विरोध किया तो एक महिला समेत कुछ लोग आकर तीखा विरोध जताने लगे। महिला ने आपत्तिजनक बातें कीं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
रिठौरा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर बंजरिया में ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों पर सांठगांठ के चलते नए रास्ते से ताजिये का जुलूस निकलवाने का आरोप लगाया है। नरेश गंगवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं सुनी। वहीं, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि तय मार्ग से ही ताजिये गुजारे गए। कुछ लोग माहौल खराब करने में लगे हैं।