सपा पर बरसे डिप्टी सीएम: बरेली में बोले- पीडीए की आड़ में परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी चला रही समाजवादी पार्टी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद शनिवार देर शाम बरेली पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 व देश में 400 सीटों पर जीत का परचम लहराएगी। इस दौरान डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यकों) की आड़ में परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी चला रही है। विपक्ष के पास न तो कोई मुद्दा है, न ही नेता। वे सिर्फ हार के बहाने तलाश रहे हैं। हमने सपा के गढ़ रामपुर और आजमगढ़ को भी भेद दिया है। इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 व देश में 400 सीटों पर जीत का परचम लहराएगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद शनिवार को बरेली पहुंचे थे। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। हाल में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि हमने सेमीफाइनल जीत लिया है। अब 2024 के फाइनल की तैयारी है। जनता मन बन चुकी है। भाजपा की आंधी और सुनामी सामने है। सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे, क्योंकि जनता मोदी की गारंटी चाहती है। मैं भी नरेंद्र मोदी की तरह गरीब, युवा, महिला और किसान को चार जाति मानता हूं। पूरी भाजपा इन्हीं के लिए समर्पित होगी।
अयोध्या हुई हमारी, अब काशी-मथुरा की बारी
डिप्टी सीएम ने संबोधन के दौरान कहा कि हम सभी के आराध्य प्रभु राम के स्वागत के लिए अयोध्या सजकर तैयार हो रही है। अब काशी और मथुरा की बारी है। पत्रकारों ने शिवपाल सिंह यादव का नाम लिया तो डिप्टी सीएम बोले- अरे उनकी छोड़िए। राहुल गांधी की यात्रा पर कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, जनता भाजपा के साथ है।
इन्होंने किया स्वागत
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डीसी वर्मा, प्रो. श्याम बिहारी लाल, डॉ. एमपी आर्य, पूर्व विधायक बहोरनलाल मौर्य, बरेली के जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, अंकित महेश्वरी, सोमपाल शर्मा, शीतल गुलाटी, डॉ. तृप्ति गुप्ता, रेखा श्रीवास्तव, राहुल साहू, जीपीएस पाल ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।