Shahjahanpur: नदी किनारे मिला लापता बच्चे का शव, कई जगह से उधड़ी हुई थी शरीर की चमड़ी, हत्या की आशंका
शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में 10 साल के बालक का शव शनिवार को नदी किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कहेलिया निवासी दीपक पासी का 10 वर्षीय पुत्र अमितेश का शव संदिग्ध परिस्थिति में नदी के किनारे मिला। उसके शरीर की चमड़ी कई जगह से उधड़ी हुई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
दीपक हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में मजदूरी करते हैं। उनका पुत्र अमितेश गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ता था। शुक्रवार को उनकी पत्नी बबली रिश्तेदारी में गमी होने में शामिल होने के लिए सुबह दस बजे घर से गईं थीं। उसी समय बेटा अमितेश बड़े भाई आयुष के साथ घास काटकर घर लौटा था।
घर में शौचालय होने के बाद भी बोतल में पानी लेकर शौच करने जाने की बात कहकर घर से निकल गया। दो घंटे तक नहीं आने पर आयुष ने बाबा सुरेंद्र को सूचना दी, तब उन्होंने तलाश शुरू की। करीब साढ़े तीन बजे गांव के पास नदी में झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर की चमड़ी पेट पर उधड़ी मिली। परिजन के अनुसार, ओंठ भी काले पड़ गए थे।
तीन किमी का सफर तय करने में पुलिस को लगे 12 घंटे
अमितेश का शव मिलने के बाद पुलिस को उसके मकान तक तीन किलोमीटर तक पहुंचने में 12 घंटे लग गए। सूचना देने पर परिजन पूरी रात पुलिस के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई झांकने तक नहीं आया। सुबह तहरीर देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के बाबा सुरेंद्र ने बताया कि दोपहर साढ़े तीन बजे परिजनों को शव पड़ा मिला था। परिजन शव को घर उठा लाए थे। रात करीब आठ बजे प्रधान राजबेटी के पुत्र विजय ने थाने पर सूचना दी। पुलिस तब भी मौके पर नहीं आई। परिजन पूरी रात इंतजार करते रहे। जबकि थाने से कहेलिया तक की दूरी मात्र तीन किलोमीटर है। सुबह मृतक के परिवार के मोहित ने थाने पर तहरीर दी, तब पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टर्टमट के लिए भेजा। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि रात में परिजन ने थाने में सूचना नहीं दी थी।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी जहरीले कीड़े के काटने से मौत होना लग रहा। शव के पास पानी की बोतल भी रखी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।