उर्स-ए-रजवी: अजमेर शरीफ के संदल, केवड़े और गुलाब से महकेगी आला हजरत दरगाह, चमक रहा संगमरमर
आला हजरत के उर्स में शामिल होने के लिए जायरीन की आमद जारी है। शनिवार से भीड़ बढ़ने लगी है। वहीं हर साल की तरह इस बार अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह से संदल, गुलाब और केवड़ा आया है।
विस्तार
बरेली में उर्स-ए-रजवी हर साल की तरह इस बार भी अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह से संदल, गुलाब और केवड़ा आया है। उर्स की पूर्व संध्या पर यह आला हजरत की दरगाह पर पेश किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शनिवार की रात में गुस्ल की रस्म अदा की जाएगी। इसमें दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन अहसन मियां, अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन सैयद सुल्तानुल हसन चिश्ती व सैयद आसिफ मियां संदल, केवड़ा और गुलाब से मजार शरीफ पर गुस्ल की रस्म अदा करेंगे। पहली चादर भी वही पेश करेंगे।
चमक रहा राजस्थान का संगमरमर
आला हजरत दरगाह में अंदर काफी बदलाव किया गया है। इस बार दरगाह नए लुक में नजर आएगी। मुफ्ती सलीम नूरी ने बताया कि इस बार दरगाह में किए गए बदलाव के कारण जायरीन हाजिरी के दौरान रुहानियत महसूस करेंगे। राजस्थानी संगमरमर व टाइल्स के साथ बेहतरीन रंग-बिरंगे कांच से गुंबद को सजाया गया है। गुजरात के कारीगरों ने बेहतरीन नक्काशी कर दरगाह को बेहद खूबसूरत बना दिया है।
शहर के लोग करेंगे जायरीन की मेहमान नवाजी
आला हजरत के उर्स में शामिल होने के लिए जायरीन की आमद जारी है। शनिवार से भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के लोग भी मेजबान बन कर जायरीन की मेहमान नवाजी में लग जाएंगे। इधर, सैयद आसिफ मियां और उर्स प्रभारी राशिद अली खान की निगरानी में उर्स की तैयारियां चल रही हैं।
दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा खां ने टीटीएस के रजाकारों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें कहा कि बाहर से आने वाले जायरीन को किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। इस दौरान नासिर कुरैशी, मौलाना, जाहिद रजा, शान रजा, मुजाहिद रजा, आलेनबी, इशरत नूरी, नईम नूरी, गौहर खान, साजिद नूरी, तारिक सईद आदि रजाकार मौजूद रहे।
आरएसी के मुख्यालय पर लगेगा लंगर
ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीरे आला हजरत मौलाना अब्दुल्ला रजा कादरी ने आला हजरत के उर्स में आने वाले जायरीन के लिए कार्यकर्ताओं को खास ताकीद की है।
उन्होंने कहा है कि बाहर से आने वाले आला हजरत के मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो। मौलाना अब्दुल्ला मियां ने उर्स के मौके पर सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने, शराब की दुकाने बंद कराने और सुरक्षा व्यवस्था के माकूल इंतजाम करने का प्रशासन से अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि आरएसी की ओर से उर्स की व्यवस्था में एक हजार से अधिक वालेंटियर्स जायरीन की खिदमत में लगाए गए हैं। वहीं, कमेटी की ओर से संस्था के मुख्यालय पर जायरीन के लिए लंगर का भी इंतजाम रहेगा।