'आपके फोन से पोर्नोग्राफी...': साइबर ठग ने एसपी बनकर धमकाया, बरेली की साहसी छात्रा ने दिया करारा जवाब
बरेली में एक साहसी छात्रा ने समझदारी और सजगता का परिचय दिया। छात्रा ने साइबर ठग को ऐसा जवाब दिया, जिससे उसकी बोलती बंद हो गई। छात्रा ने मामले की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
विस्तार
साइबर ठगों के तौर-तरीकों को अब लोग समझने लगे हैं। जागरूक लोग साइबर ठगों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। बरेली की रहने वाली एक साहसी युवती को साइबर ठगों ने झांसा देने की कोशिश की तो उसने ठगों की क्लास लगा दी। युवती ने एसएसपी से मिलकर अज्ञात शातिरों के खिलाफ रिपोर्ट भी करा दी है।
नकटिया निवासी युवती सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। युवती के मुताबिक एसपी साइबर क्राइम विजय राठौर बताकर अनजान शख्स ने उसे कॉल किया। उसने बताया कि आपका फोन हैक हो गया है या आपकी ही गलती है। आपके फोन से पोर्नोग्राफी से जुड़े विज्ञापन शेयर किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: महिला सिपाही की प्रताड़ना से पहले पिता, फिर दो पुत्रों ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
'कुछ तो गड़बड़ है'
कथित एसपी 15 मिनट में युवती के घर पुलिस टीम भेजने की धमकी देने लगा। उसकी बोलने के अंदाज से युवती समझ गई कि कुछ गड़बड़ है। उसने घबराने की बजाय कॉल करने वाले को ही डांट लगा दी। युवती ने कहा कि अगर आप एसपी साइबर क्राइम हैं कि एसएसपी दफ्तर आ जाइए। वहीं बात करेंगे।
ये भी पढ़ें- Pilibhit Accident: दर्द से कराहते लोग... हर तरफ चीखें, सड़क पर बिखरा खून, छह मौतों के बाद मंजर देख कांपी रूह
युवती की बात सुनकर साइबर ठग की बोलती बंद हो गई। उससे कुछ बोलते न बना और कॉल काट दी। साहस और समझ से युवती ठगों के जाल में फंसने से बच गई। युवती ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। तहरीर पर कैंट थाने पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये बरतें सावधानी
फोन कॉल पर किसी के झांसे में न आएं। पुलिस कभी किसी आरोपी से ऑनलाइन या ऑफलाइन रुपये नहीं मांगती। कोई ऐसी कोशिश करे तो समझ लें कि वह साइबर ठग है। वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं। इनसे सावधान रहें। सोशल मीडिया अकाउंट पर प्राइवेसी लगाकर रखें। इसके बाद भी अगर ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें। cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।