{"_id":"717995cee112132a8d8bff4115bfe755","slug":"crime-hindi-news-3","type":"story","status":"publish","title_hn":"मजबूत तालों ने निकाला चोरों का तेल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
मजबूत तालों ने निकाला चोरों का तेल
बरेली
Updated Sun, 30 Nov 2014 08:23 PM IST
विज्ञापन
सर्दी के साथ चोरियों का मौसम भी आ गया है। कोतवाली इलाके के मोहल्ला कटरा मानराय में चोरों ने शनिवार रात चार दुकानों को निशाना बनाया। एक दुकान के ताले तोड़कर तो वे तिजोरी में रखे 19 हजार 640 रुपये निकाल ले गए लेकिन दो दुकानों के ताले तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए। दुकानदारों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
विज्ञापन
शनिवार रात को चोरों ने सबसे पहले पवन कुमार की कपड़े की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे 19 हजार 640 रुपये निकाल लिए। इसके बाद चोरों ने पवन के पड़ोसी शिवम टेक्सटाइल्स की दुकान के ताले तोड़कर घुसने की कोशिश की लेकिन एक ही ताला तोड़ पाए। पड़ोस के ही राहुल अग्रवाल की गरगईया टेक्सटाइल्स की भी दुकान का ताला तोड़ा गया। लेकिन इस दुकान के भी सभी ताले चोर नहीं तोड़ पाए।
विज्ञापन
चोरों ने इसके अलावा बानखाना में रहने वाले विजेंद्र सिंह की मैनिया टोला में स्थित पान-बीड़ी सिगरेट की दुकान के भी ताले तोड़ लिए। वह सामान समेट रहे थे, तभी पान की ट्रे गिरने से तेज आवाज होने पर पड़ोसी राजकुमार सिंह जाग गए। उन्होंने सूचना देकर विजेंद्र सिंह को बुला लिया। शोर मचाने पर चोर भाग गए। विजेंद्र चोर तीन थे जो बाइक पर चोरी करने आए थे। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
विज्ञापन