UP News: इस तारीख को बरेली आ रहे सीएम योगी, 1000 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
सीएम योगी आदित्यनाथ 27 मार्च को नवाबगंज के अधकटा नजराना स्थित अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करने आ रहे हैं। बीडीए भी अपने नए कार्यालय का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों से करने की तैयारी में है।
विस्तार
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शनिवार को तैयारियां कीं। सीएम 1000 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। लोक निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, सेतु निगम, जिला पंचायत, पशु पालन समेत अन्य विभागों की करीब 100 से ज्यादा परियोजनाएं शामिल हैं।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. और सचिव योगेंद्र कुमार ने रामगंगानगर आवास योजना में स्थित अपने कार्यालय का निरीक्षण किया। इसका निर्माण पूरा हो गया है, जिसकी फिनिशिंग कार्य के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री 27 मार्च को नवाबगंज क्षेत्र के अधकटा नजराना स्थित अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करने आ रहे हैं।
बरेली विकास प्राधिकरण अपने नए कार्यालय का भी लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों से करने की तैयारी में है। इसमें 142.67 करोड़ के 10 कार्य का शिलान्यास व 58.24 करोड़ के छह कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
इन कार्यों का होना है लोकार्पण
रामपुर रोड पर अवैद्यानाथ प्रवेश द्वार, इन्वर्टीज तिराहे पर अलखनाथ प्रवेश द्वार, बदायूं रोड पर तपेश्वरनाथ प्रवेश द्वार, डोहरा रोड पर वनखंडीनाथ गेट, रामगंगा नगर योजना सेक्टर आठ में बिजली उपकेंद्र का लोकार्पण किया जाएगा।
इन कार्यों का होगा शिलान्यास
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना सेक्टर तीन, चार, पांच व सात में सीवर लाइन, वाटर लाइन, आरसीसी ड्रेन, इलैक्टि्रक ट्रेन्च, डिवाइडर और सड़क निर्माण कार्य। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में ही सेक्टर चार और एक में तीन हजार किलो लीटर की क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य, पीलीभीत बाइपास से नकटिया नदी सेतु तक बीसलपुर मार्ग का चौड़ी, सड़क के बीच में डिवाइडर और कवलर्ट निर्माण कार्य। रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर छह में तीन हजार लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य और सेक्टर आठ में लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।