फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   CM Yogi laid the foundation stone and inaugurated many projects in Bareilly

CM Yogi: बरेली के विकास को 3,405 करोड़ का टॉनिक, मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

Thu, 11 Jan 2024 10:53 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली Published by: मुकेश कुमार Updated Thu, 11 Jan 2024 10:53 AM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी ने मंच से बटन दबाकर 705 करोड़ रुपये लागत की 113 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 सौ करोड़ रुपये की लागत की 57 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए। 

विज्ञापन
CM Yogi laid the foundation stone and inaugurated many projects in Bareilly
सीएम योगी ने बटन दबाकर किया योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 3,405 करोड़ की 170 विकास परियोजनाओं का तोहफा जनता को समर्पित किया। इस दौरान बरेली क्लब के मैदान में सजा पंडाल जयश्री राम के उद्घोष से गूंजता रहा। करीब 45 मिनट तक मंच पर मौजूद रहकर मुख्यमंत्री ने लोगों को शहर का विकास करने और अपराध मुक्त माहौल देने का भरोसा दिया।

विज्ञापन


दोपहर करीब एक बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से बटन दबाकर 705 करोड़ रुपये लागत की 113 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 सौ करोड़ रुपये की लागत की 57 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सुरक्षा के लिए पंडाल परिसर के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। 
विज्ञापन


शहर के सभी चौराहों पर भी पुलिस तैनात रही। साथ ही, खुफिया एजेंसियां अलर्ट रहीं। जनसभा स्थल पर लोगों ने मुख्यमंत्री की मंच पर मौजूदगी के दौरान फोटो, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रबर फैक्टरी की भूमि पर बने औद्योगिक हब: संतोष
सांसद संतोष गंगवार ने मुख्यमंत्री से कहा कि फतेहगंज पश्चिमी स्थित सालों से बंद पड़ी सिंथेटिक एंड केमिकल फैक्टरी की भूमि का प्रकरण मुंबई हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने फैसला हक में होने पर बंद फैक्टरी की भूमि पर औद्योगिक हब बनाने की मांग की।

ओडीओपी से क्षेत्रीय उत्पादों को मिली पहचान: खन्ना
उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास के बजाय अपराध का बोलबाला था, लेकिन अब विकास की बयार बह रही है। निर्यात बढ़ा है। एयर कनेक्टिविटी से देश और प्रदेश की दूरियां सिमट गई हैं। ओडीओपी योजना से स्थानीय स्तर के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। एमएसएमई की इकाइयों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था अब देश में दूसरे स्थान पर है। शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव हुआ है।

जनप्रतिनिधियों ने दिया श्रीराम दरबार का स्मृति चिन्ह
मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सांसद और विधायकों ने संयुक्त रूप से श्रीराम दरबार स्मृति चिन्ह भेंट किया। ब्रज प्रांत अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने गदा भेंट की। उत्तरायणी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष अमित पंत ने प्रतीक चिन्ह और महामंत्री मनोज पांडे ने कलाकृति ऐपण भेंट की। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सभा को संबोधित किया।



लाभार्थियों को दिए डमी चेक
मुख्यमंत्री ने बरेली क्लब के मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना से निशुल्क इलाज कराने वाली हजियापुर की लक्ष्मी, सिकलापुर बागब्रिगटान की तमन्नी देवी, सिकलापुर की अबिता को प्रतीकात्मक आयुष्मान कार्ड दिया। पीएम स्वनिधि के तहत नई बस्ती के रामपाल, गोपालनगर के राजू को प्रतीकात्मक चेक सौंपे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कालीबाड़ी की पुष्पा देवी व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत इटौआ सुखदेवपुर के पुत्तूलाल को चाबी सौंपी। 

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नवाबगंज के शिवदयाल, शेरगढ़ की प्रियंका कुमारी, क्यारा की शहाना बेग को प्रमाण पत्र दिया। वहीं खादी ग्रामोद्योग के तहत भुता के सत्यपाल, बिथरी चैनपुर के राम अवतार को प्रमाण पत्र, अग्रणी जिला बैंक के तहत नगर निगम बरेली की सिमरन सिंह, संध्या वर्मा को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया।

खिलाड़ियों का ट्रॉफी से सम्मान
खिलाड़ियों में राष्ट्रीय सेपकटाकरा खेल में तीसरे स्थान पर रहीं शहर की शिवानी और जूनियर नेशनल एथलेटिक्स में तीसरा स्थान हासिल करने वाले अमन सिंह को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

परिवहन निगम की बसों से पहुंचे थे लोग
जनसभा में लोगों को पंडाल स्थल तक लाने, ले जाने के लिए परिवहन निगम की बसें भी लगी थीं, जो जनसभा शुरू होने से पहले पहुंची और जनसभा समाप्त होने तक खड़ी रहीं। वहीं कई लोग निजी वाहनों व बसों से भी पहुंचे। कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र के लोगों के लिए कार्यक्रम स्थल तक आवागमन की व्यवस्था की थी।

मुस्लिम समर्थकों की भी रही मौजूदगी
पंडाल में मुस्लिम समर्थक भी बड़ी तादाद में दिखे। दो भागों में विभाजित पंडाल परिसर में एक ओर महिलाओं और दूसरी ओर पुरुषों के बैठने की व्यवस्था थी। पूरा परिसर भरा हुआ था। मुख्यमंत्री को नजदीक से देखने और सुनने के लिए लोग बेसब्र रहे।

बैरिकेडिंग हटाकर एंबुलेंस को दिया रास्ता
विकास भवन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक के लिए मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचने से पहले एक एंबुलेंस को भी पुलिसकर्मियों ने रोक लिया था। पर एंबुलेंस में मरीज होने की जानकारी पर तत्काल पुलिसकर्मियों ने बेरिकेडिंग को हटाया। एंबुलेंस को अस्पताल पहुंचने को रास्ता दिया।

फोटो खींचने के लिए मंच पर चढ़े लोग
जनसभा का विश्राम होने के बाद जब सभी जनप्रतिनिधि और अफसर पंडाल से चले गए तब मौजूद लोग मंच पर चढ़ गए। उन्होंने डायस पर खड़े होकर मुख्यमंत्री के अंदाज में बोलते हुए वीडियो बनाई और फोटो भी खींची। मौजूद सुरक्षाकर्मियों के समझाने पर लोग मंच से उतरे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed