बरेली: रामगंगा तट पर चौबारी मेले में बढ़ी रौनक, नखासे में घुड़दौड़ के लिए जुट रहे लोग
चौबारी मेले की रौनक प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यहां लगी दुकानों पर खाने-पीने की चीजों का स्वाद लेने के साथ ही लोग झूलों का भी आनंद ले रहे हैं। नखासे में घुड़दौड़ आकर्षण का केंद्र बन रही है।
विस्तार
बरेली के चौबारी मेले में रौनक बढ़ने लगी है। यहां तंबुओं का शहर भी बसने लगा है। यहां लगे नखासे में घुड़दौड़ देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। घोड़ों की खरीद-फरोख्त भी तेज हो गई है। शनिवार को भी मेला परिसर में दूर-दराज से पहुंचे लोग अपनी-अपनी दुकानें सजाते दिखाई दिए। खानपान की दुकानों पर लोग व्यंजनों के स्वाद का आनंद लेते रहे। यहां लगे तरह-तरह के झूलों में बच्चों की रुचि बनी रही।
आसपास के गांवों के साथ ही जिले के अन्य हिस्सों से भी लोग मेला देखने पहुंचे। हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड संस्था ने आवासीय समाज सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा शुरू की। शिविर संस्था के प्रादेशिक संगठन आयुक्त हिमांशु सक्सेना व सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलका मिश्रा के नेतृत्व में लगाया गया। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी अविनाश सिंह, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह व पुलिस अधीक्षक नगर चिराग जैन ने किया।
चौबारी रामगंगा मेला परिसर में प्रशासनिक मेला मंच पर मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी की ओर से गंगा रक्षा शिरोमणि सम्मान के अंतर्गत अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला प्रशासनिक अधिकारियों, मेला प्रबंध समिति, समाजसेवियों, रंगकर्मियों को पटका पहनाकर मां गंगा के स्मृति चिन्ह के साथ सम्मानित किया गया।
