बरेली में सेंट्रल जीएसटी का छापा: कारोबारी भाइयों के यहां करीब 20 घंटे तक चली जांच, नकदी-दस्तावेज जब्त
बरेली में सेंट्रल जीएसटी की एसआईबी की टीम ने कारोबारी भाइयों के यहां मंगलवार को छापा मारा था। कारोबारी के आवास और प्रतिष्ठान पर करीब 20 घंटे तक जांच चली। जांच में कारोबार में बड़े पैमाने पर मानकों का उल्लंघन मिला है।
विस्तार
जानकारी के मुताबिक कारोबारी भाई वरुण और तरुण अग्रवाल इलेक्ट्रॉनिक्स, होम एप्लायंस के होलसेल कारोबारी हैं। जिनसे फुटकर कारोबारी माल खरीदते हैं। त्योहारी सीजन में इनकम टैक्स, जीएसटी बचाने के लिए ज्यादातर कारोबार नकद में किया। नियमानुसार एक दिन में दो लाख रुपये तक नकद कारोबार हो सकता है।
संदिग्ध दस्तावेज किए जब्त
जांच में कंप्यूटर के रिकॉर्ड में स्टॉक बिक्री और आपूर्ति रजिस्टर पर ज्यादा मिली। अग्रिम जांच के लिए हार्ड डिस्क समेत रजिस्टर और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी टीम ने जब्त किए हैं। जिनसे संबंधित रिकॉर्ड मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त कैश करीब पांच करोड़ से ज्यादा का रहा। जिनके साक्ष्य प्रस्तुत किए उन्हें रिलीज कर शेष नकदी जब्त कर ली गई है। एंटी एवेजन टीम के साथ छापा के दौरान देर रात तक आयकर विभाग के इंस्पेक्टर, अधिकारी समेत कारोबारी और परिजन मौजूद रहे।
आयकर विभाग भी करेगा जांच
विभागीय सूत्रों के मुताबिक जब्त किए गए दस्तावेज की गहन जांच एंटी एवेजन टीम करेगी। जिसकी रिपोर्ट आयकर विभाग को सौंपने पर आयकर टीम जांच करेगी। बताया जाता है कि होलसेल से माल खरीदने वाले कारोबारी जिन्होंने नकद भुगतान किया है, उनके नाम और रिकॉर्ड सीजीएसटी एंटी एवेजन टीम को मिले हैं। लिहाजा, ये कारोबारी भी संदिग्ध माने जा रहे हैं। राज्यकर विभाग सर्वे कर सकता है।