फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Bypassing the lock down, the market gets decorated at four in the morning

लॉकडाउन दरकिनार, सुबह चार बजे ही सज जाता है बाजार

Fri, 10 Apr 2020 12:16 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 10 Apr 2020 12:16 AM IST
सार

सुबह के चार बजने को हैं और सूरज निकलने में अभी काफी देर है लेकिन थाना बारादरी और श्यामगंज पुलिस चौकी के बीच श्यामगंज किराना बाजार में चहल-पहल शुरू हो गई है। कई दुकानों के चबूतरों पर उन लोगों का जमघट इकट्ठा हो चुका है, जो दरअसल किराना बाजार में मजदूरी करने पहुंचते हैं। ठेले-रिक्शे लेकर दूसरे मजदूरों के आने का क्रम भी शुरू हो चुका है। इसी बीच एक-एक करके गलियों में दुकानों और गोदामों के शटर उठने शुरू हो जाते हैं। कुछ ही देर में मुख्य मार्ग पर भी दुकानें खुलने लगती हैं। सवा चार बजे तक ज्यादातर दुकानें खुल चुका है और श्यामगंज बाजार पूरी तरह ग्राहकों के लिए तैयार हो चुका है। यह नजारा उस लॉकडाउन के बीच का है जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषित करते वक्त देश की जनता से अपील की थी कि इसे कर्फ्यू माना जाए। अमर उजाला की टीम की आंखों के सामने चार बजे बाजार खुलने के बाद दिखाई दिए नजारे और ज्यादा दिल हिलाने वाले थे। पेश है रिपोर्ट-
 

विज्ञापन
Bypassing the lock down, the market gets decorated at four in the morning
बरेली में श्यामगंज मंडी दो घंटे के लिए सुबह से गुलजार हो जाती है। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

विस्तार

पुलिस की मौजूदगी के बाद भी थोक मंडियों में भी उमड़ रही फुटकर खरीदारों की भीड़

विज्ञापन
बरेली। लोगों को राशन जैसी जरूरी चीजों की किल्लत न झेलनी पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने तय किया था कि किराना और सब्जी की दुकानें सुबह सात से 11 बजे तक खुलेंगी लेकिन इन चार घंटों में भी लोगों के बीच दूरी रखने का कड़ाई से इंतजाम किया जाएगा लेकिन कारोबारी कमाई के लिए बाजार खुलने के तीन अतिरिक्त घंटों में लॉकडाउन के सारे नियम-कायदे टूट गए। दुकानें खुलते ही पूरे बाजार में ऐसी भीड़ टूटी कि कोरोना की दहशत पनाह मांगती दिखाई दी।
अमर उजाला की टीम बृहस्पतिवार को जब श्यामगंज बाजार पहुंची, तब सुबह के चार बज रहे थे। इस दौरान एक-एक कर दुकानों के शटर खुलने लगे थे। गलियों की दुकानों-गोदामों से लेकर मुख्य मार्ग की दुकानें खुलने तक उन पर काम करने वाले मजदूर रास्तों पर निगरानी की जिम्मेदारी निभाते हुए भी दिखे। कुछ देर बाद गुड़ मंडी की भी दुकानें खुल गईं और फिर श्यामगंज पुल के नीचे भी बाजार सज गया। बमुश्किल 20 मिनट के अंदर श्यामगंज का पूरा किराना बाजार खुल चुका था। साढ़े चार बजे तक जनरल स्टोर, कन्फेक्शनरी और राशन-मसालों की दुकानों पर सैकड़ों लोगों की भीड़ दुकानों पर उमड़ पड़ी। इसी के साथ सामाजिक दूरी की भी धज्जियां उड़ने लगीं। संक्रमण फैलने के जिस खतरे से राज्य से लेकर केंद्र तक सरकार हिली हुई है, उसका मामूली ख्याल तक न दुकानदारों में दिखा न सामान खरीदने के लिए मारामारी में जुटी भीड़ में। पूरा नजारा काफी भयावह था। सामान खरीदने के लिए लोग एक-दूसरे से चिपककर धक्कामुक्की तक करने में नहीं झिझक रहे थे। साढ़े चार बजे से सात बजने तक श्यामगंज बाजार में यही नजारा रहा। थाना बारादरी और श्यामगंज पुलिस चौकी से घिरे इस बाजार में पुलिस कहीं ढूंढे भी नहीं मिली।
विज्ञापन

दुकानदारों की भभकी, जो सामान चाहिए अभी खरीद लो, क्या पता सील हो जाए पूरा शहर

एक दिन पहले ही बुधवार दोपहर पूरा जिला सील होने की अफवाह फैलने के बाद बाजारों में लूट मच गई थी। हालांकि बाद में यह साफ हो गया कि यह महज अफवाह थी लेकिन बृहस्पतिवार को भी श्यामगंज बाजार में दुकानदार इस अफवाह से लोगों को डराकर ज्यादा से ज्यादा सामान खरीद लेने के लिए उकसाते दिखे। किसी को अगर कोई वैराइटी पसंद नहीं आ रही थी तो उसे भी धमका रहे थे कि लेना है तो यही ले लो वर्ना बाद में यह भी नहीं मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रिंट रेट पर जहां मिले वहां खरीद लेना

लॉकडाउन में लगने वाले तीन घंटों के इस बाजार में कालाबाजारी की सीमाएं भी टूटती रहीं। ज्यादातर दुकानदार थोक में सामान की खरीददारी करने वालों को भी जमकर चूना लगाते रहे। कोई रियायत देना तो दूर, उनसे प्रिंट रेट से भी ज्यादा कीमत की वसूली की जा रही थी। कोई एतराज कर रहा था तो सामान रखवाकर सीधी धमकी दे रहे थे कि जहां प्रिंट रेट पर सामान मिले, वहीं से खरीद लेना। साफ जाहिर था कि थोक में महंगा खरीदा गया सामान गली-मोहल्लों की दुकानों पर फुटकर में और महंगा बेचा जाएगा। प्रशासन की कालाबाजारी न करने की चेतावनी भी लॉकडाउन की तरह धूल चाटती दिखाई दी।

बात हो गई है.. सात बजे से पहले नहीं आएगी पुलिस

एक दुकानदार से सुबह चार बजे दुकान खोल लेने के बारे में सवाल किया तो जवाब मिला कि लॉकडाउन के नियम सुबह सात बजे से लागू होते हैं। रात में दुकान खुलने से कोई लॉकडाउन नहीं टूटता है। पूछा, अगर पुलिस ने आकर लाठीचार्ज कर दिया तो.. इस पर जवाब मिला कि पुलिस से बात किए बगैर थोड़े ही दुकान खोल ली है। यह सब तो चलता रहता है। पुलिस से सात बजे तक का समय मिला है। सात बजने से पहले ही दुकानें बंद हो जाती हैं। भरोसा जमाने के लिए दुकानदार ने यह भी तर्क दिया कि थाना बारादरी और श्यामगंज चौकी बगल में ही है। आप क्या समझते हैं, क्या उन्हें बाजार खुलने की भनक नहीं है।

एलन क्लब मंडी में भी शुरू हुआ श्यामगंज वाला फार्मूला

लॉकडाउन में भी कारोबारी स्वार्थ पूरे करने का जो फार्मूला श्यामगंज बाजार में चल रहा है, बृहस्पतिवार को उसका असर एलन क्लब मंडी में भी दिखाई दिया। एक शख्स मंडी में घुसने लगा तो उसे वहां तैनात पुलिस वाले ने रोक दिया। उसने बताया कि घर के लिए सब्जी खरीदनी है तो पुलिस वाले ने कहा जल्दी खरीदकर छह बजे से पहले चले जाओ। इसके बाद कोई रियायत नहीं होगी, सीधे कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि एलन क्लब मंडी में भी प्रशासन की ओर से सिर्फ थोक खरीददारी करने की मंजूरी है। लेकिन थोक खरीददारी सुबह छह बजे के बाद शुरू होती है, उससे पहले यहां से कोई भी सब्जी खरीद ले जाता है।

डेलापीर और कुतुबखाना मंडी में भी भीड़

शहर की सबसे बड़ी डेलापीर सब्जी और फल मंडी रात दो बजे ही खुल जाती है। दो बजे से थोक और चार बजे के बाद फुटकर दुकानदारों की आवाजाही शुरू होती है। पुलिसकर्मी यहां भी तैनात रहते हैं लेकिन उनका जोर सिर्फ मास्क और सैनिटाइजर पर रहता है बजाय इसके कि फुटकर दुकानदारों को रोककर सिर्फ थोक दुकानदारों को अंदर आने दिया जाए। इसी वजह से सुबह छह बजे तक मंडी में खासी भीड़ उमड़ती है। सात बजे पुलिस लाठियां फटकार कर मुस्तैदी का प्रमाण देने लगती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed