बरेली में हादसा: सुबह टहलने निकले कारोबारी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
बरेली में कारोबारी विनय गुप्ता को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वह मंगलवार सुबह टहलने निकले थे। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली में मंगलवार सुबह टहलने निकले पेट्रोल पंप संचालक विनय गुप्ता (63) की हादसे में मौत हो गई। उन्हें किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा कैंट क्षेत्र में मिलिट्री अस्पताल के पास हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विनय गुप्ता को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गार्डन निवासी विनय गुप्ता पेट्रोल पंप संचालक थे। परिजन के मुताबिक, वह रोज की तरह मंगलवार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में वारदात: पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार डाला, बेटी की भी हत्या की कोशिश, हालत नाजुक
हादसे के बाद पुलिस को विनय की जेब से मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात मिले। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क किया। मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। विनय की मौत से पत्नी बरखा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी दो बेटियां बाहर रहती हैं।
हादसे की खबर से रामपुर गार्डन में शोक
विनय गुप्ता पेट्रोल पंप संचालक के साथ ही शहर के बड़े कारोबारियों में शुमार थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिचित और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचने लगे। अचानक हुई मौत से रामपुर गार्डन में भी शोक का माहौल है।
विनय गुप्ता की मौत की जानकारी मिलने पर बरेली अपने घर आए हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी परिजन से मिलने पहुंचे। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी परिवार को सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने परिजन को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश
पुलिस ने हादसे के बाद अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि आई ट्रिपलसी से भी वाहनों की आवाजाही से संबंधित फुटेज जुटाई जाएगी। कैंट इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और उसके चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।