UP News: IPL की हर गेंद पर लग रहा करोड़ों का सट्टा, दूसरे शहरों में बैठे बुकी, यहां प्यादों से करा रहे वसूली
कासगंज और रामनगर जैसे छोटे शहरों में बैठे बुकी प्यादों के जरिये वसूली करा रहे हैं। सट्टा लगाने वालों में स्कूल-कॉलेज के छात्र भी शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि सट्टेबाजी की शिकायत मिल रही हैं। कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) शुरू होने के साथ ही सट्टा बाजार भी गर्मा गया है। बरेली में भी सटोरिये रोज करोड़ों रुपये का दांव लगा रहे हैं। शहर के कई प्रमुख जगहों पर अड्डेबाजी के जरिये पूरा खेल हो रहा है। श्यामगंज के आगे और रेलवे स्टेशन रोड पर मशहूर चाय की दुकानें सटोरियों के प्रमुख अड्डे हैं।
आईपीएल के मैच भले ही रात 11 बजे से पहले खत्म हो जाते हैं, लेकिन सट्टेबाजों का गुणा-गणित रात दो बजे तक जारी रहता है। चाय की चुस्कियां लेने के लिए पुलिस खुद ही इन दुकानों को रात दो बजे तक खुलवाती है। अब तो आईडी खोलकर आईपीएल पर सट्टा लग रहा है।
छोटे शहरों में बैठे हैं बुकी
कासगंज और रामनगर जैसे छोटे शहरों में बैठे बुकी प्यादों के जरिये वसूली करा रहे हैं। सट्टा लगाने वालों में स्कूल-कॉलेज के छात्र भी शामिल हैं। मोबाइल, लैपटॉप की मदद से इंटरनेट के जरिये आईपीएल पर सट्टा लगवाया जा रहा है। बुकी शहर में 50 तरह की आईडी खुलवा रहे हैं। हर आईडी की लिमिट भी तय होती है।
कई वेबसाइट और एप आईडी खुलवाकर सट्टेबाजी करवा रहे हैं। इज्जतनगर इलाके का युवक पहले अच्छा क्रिकेटर था लेकिन आजकल आईपीएल पर सट्टा खिलवा रहा है। पॉश इलाकों में भी बुकी सट्टेबाजी करा रहे हैं। शहर में सट्टेबाजी की चर्चा होने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। जल्दी ही सट्टेबाजों की धरपकड़ हो सकती है।
सट्टेबाज करते हैं कोडवर्ड का इस्तेमाल
क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के दौरान कोडवर्ड का इस्तेमाल किया जाता है। इस भाषा को सिर्फ सट्टा लगवाने वाले और लगाने वाले ही समझ पाते हैं। पुलिस के लिए ऐसे कोडवर्ड को तोड़ना काफी मुश्किल रहता है। सट्टा खेलने वाले को फंटर और खिलाने वाले को बुकी कहा जाता है।
इसके अलावा मैंने चवन्नी खा ली है, डिब्बे की आवाज कितनी है, तेरे पास कितनी लाइन है, लाइन को लंबी पारी चाहिए आदि कोडवर्ड का इस्तेमाल किया जाता है। खिलाड़ियों पर दांव लगाने के लिए सट्टेबाजों ने उनके नाम के हिसाब से अलग कोडवर्ड बना रखे हैं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा लगाने की सूचनाएं मिल रही हैं। पुलिस इस खेल से जुड़े लोगों का पता लगा रही है। जल्दी ही कार्रवाई की जाएगी।