Bareilly: भजन गायिका अंजली द्विवेदी की कार को मारी टक्कर, वीडियो जारी कर कहा- मुझ पर हमला किया गया
बरेली में भजन गायिका अंजलि द्विवेदी पर हमले का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से लौटते समय उनकी कार में अज्ञात लोगों ने अपनी कार से टक्कर मार दी, जिससे वह बाल-बाल बचीं। हालांकि पुलिस इस घटना को हादसा मान रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ से बरेली लौट रहीं भजन गायिका अंजली द्विवेदी की कार को दूसरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह बाल-बाल बचीं। भजन गायिका ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उन पर साजिश के तहत हमला कराया गया है। पुलिस इस घटना को हादसा मान रही है। पुलिस ने सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भजन गायिका अंजली द्विवेदी सीबीगंज की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह चंडीगढ़ सेक्टर 52 से भजन संध्या करके बरेली लौट रही थीं। उनकी कार जैसे ही फतेहगंज पश्चिमी के पास पहुंची, वैसे ही कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार से उतरे छह-सात लोग उनसे अभद्रता करने लगे।
चार दिन पहले मिली थी धमकी
अंजली ने तत्काल फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचती इससे पहले ही आरोपी कार लेकर भाग गए। टक्कर लगने से उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। भजन गायिका के अनुसार चार दिन पहले उन्हें कुछ लोगों ने धमकी भी दी थी। अब चंड़ीगढ़ से लौटते वक्त उन पर हमला किया गया।
अंजली ने वीडियो जारी कर बताया कि वह धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। भले ही सनातन के लिए जान चली जाए, लेकिन वह सनातन विरोधी गतिविधियों से नहीं डरेंगी। फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस का कहना है कि यह हादसा ही है, हमले या अभद्रता का आरोप सही नहीं लग रहा है।