{"_id":"68e20afa9dd5293f3408e684","slug":"bareilly-violence-properties-worth-over-rs-170-crore-sealed-in-bareilly-2025-10-05","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"बरेली बवाल: अब तक 170 करोड़ से अधिक की संपत्तियां सील, बरातघर ध्वस्त; मौलाना तौकीर के करीबी रडार पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बरेली बवाल: अब तक 170 करोड़ से अधिक की संपत्तियां सील, बरातघर ध्वस्त; मौलाना तौकीर के करीबी रडार पर
Sun, 05 Oct 2025 12:10 PM IST
मुकेश कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: मुकेश कुमार
Updated Sun, 05 Oct 2025 12:10 PM IST
विज्ञापन
नफीस का बरातघर किया गया ध्वस्त
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन एक्शन मोड में है। अब तक 170 करोड़ से अधिक की संपत्तियों को सील किया जा चुका है। वहीं पांच करोड़ रुपये लागत का जखीरा स्थित रजा पैलेस व बानखाना स्थित रजा चौक में लगभग 27 लाख के दो अवैध ई-चार्जिंग स्टेशन ध्वस्त किए गए हैं।
विज्ञापन
बवाल के आरोपियों और उनके करीबियों की संपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है। इनमें तौकीर रजा के करीबी नफीस और नदीम की संपत्तियां सबसे ज्यादा हैं। अब सोमवार से कार्रवाई का दूसरा चरण शुरू होगा। मानचित्र स्वीकृत नहीं होने या शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस देकर ये संपत्तियां भी सील की जा सकती हैं।
विज्ञापन
ये विभाग कर रहे कार्रवाई
26 सितंबर को हुए बवाल के बाद शासन से हरी झंडी मिलने पर प्रशासन, पुलिस, बीडीए और नगर निगम संयुक्त तौर पर कार्रवाई कर रहे हैं। आरोपियों और उनके मददगारों की संपत्तियों को सूचीबद्ध कर उनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसमें कई बरातघर, होटल, दुकानें और आवासीय भवन मानचित्र की शर्तों के विपरीत पाए गए हैं।
विज्ञापन
इनकी संख्या 150 से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, अभी इनकी सूची को सार्वजनिक नहीं किया गया है। कार्रवाई के दौरान ही जिला प्रशासन इसकी जानकारी देगा। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि किसी भी हाल में ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, बीडीए इसे अपनी रूटीन कार्रवाई बता रहा है, लेकिन कुछ आरोपियों पर कार्रवाई होने के चलते लोग इसे बवाल से जोड़कर देख रहे हैं।
इन संपत्तियों को बीडीए ने किया सील
- स्काईलार्क होटल 40 करोड़
- फहम लॉन 50 करोड़
- फ्लोरा गार्डन 60 करोड़
- पहलवान साहब की मजार के पास 74 दुकानों की मार्केट 10 करोड़
- नौमहला मस्जिद के पास की चार दुकानें दो करोड़
- फरहत का मकान 5 करोड़
- हमसफर बरातघर 2 करोड़
- (यह अनुमानित बाजार मूल्य है)