Weather Update: बरेली में छाए बादल, बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट; पीलीभीत में एक घंटे हुई हल्की बारिश
मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को बरेली में आंधी के साथ बारिश हुई तो बुधवार को सुबह फिर मौसम बिगड़ गया। आसमान में काले बादल छा गए। कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली समेत आसपास के जिलों में बेमौसम बारिश का क्रम जारी है। बरेली में बुधवार को सुबह से ही बादल छा गए। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे पहले मंगलवार दोपहर मौसम के बदलाव के साथ ही तेज आंधी चली। कुछ देर बाद ही बारिश शुरू होने से मौसम खुशगवार हो गया। शाम तक जिले के अलग-अलग हिस्सों में छुटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहा। रात में भी बादल छाए रहे। आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट होने से मौसम ठंडा हो गया है।
मौसम विभाग ने तीन दिन बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विशेषज्ञ अतुल सिंह ने बताया कि मध्यम क्षोभमंडल में पाकिस्तान और पंजाब के पास मंडरा रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में परिवर्तन आया है। आने वाले दिनों में बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.4 व न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट का अनुमान है।
आंधी में गिरा बदायूं रोड पर लगा यूनीपोल
शहर में सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर लगाए गए भारी-भरकम विज्ञापन बोर्ड (यूनीपोल) अब राहगीरों की जान के दुश्मन बनने लगे हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बदायूं रोड पर पराग फैक्ट्री के पास लगा यूनीपोल आंधी में गिर गया। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया। यूनीपोल के गिरते ही बदायूं मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हादसे के कुछ देर बाद ही यूनीपोल को हटा दिया गया। ये यूनीपोल लगाया किसने, यह स्पष्ट नहीं हो पाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
आंधी-बारिश के बाद फॉल्ट की झड़ी, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप
बरेली जिले में मंगलवार को तेज आंधी व पानी के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर दो बजे आंधी-वारिश शुरू होते ही शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली आपूर्ति रोक दी गई। देहात क्षेत्र में भी यही हाल रहा। शाम को मौसम ठीक होने के बाद आपूर्ति शुरू की गई तो फॉल्ट के चलते कई मोहल्लों में बिजली पहुंची ही नहीं। इसके बाद फॉल्ट की तलाश करके उन्हें सही करने का काम शुरू किया गया।
इस काम में समय लगा। अंधेरा होने के चलते और दिक्कतें आईं।
फॉल्ट के चलते डेलापीर, हरुनगला, डीडीपुरम उपकेंद्र बंद कर दिए गए। बिहारीपुर सब्जी मंडी में एलटीसी ब्रांच कटवाकर आरडीएस का काम कराया जा रहा है। इसको लेकर यहां शटडाउन लिया गया था। काम पूरा होने के बाद भी यहां लाइन शुरू नहीं हो पाई। अधिशासी अभियंता 33 केवी राजवीर सिंह ने बताया कि बताया कि आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से उपकेंद्रों को बंद किया गया था। आंधी-बारिश रुकते ही ज्यादातर इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी गई।
पीलीभीत जिले में मंगलवार रात से तेज हवा और बादल छाए रहने के बाद बुधवार सुबह बारिश शुरू हो गई। एक घंटे से अधिक समय से हल्की बारिश होती रही। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेत में कटी और तैयार खड़ी गेहूं फसल के नुकसान की आशंका और बढ़ गई है। अगर ऐसा ही मौसम रहा तो किसानों को काफी नुकसान होगा। गेहूं की कटाई प्रभावित होगी साथ ही उत्पादन पर भी असर पड़ेगा। उधर, बारिश की वजह से शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखी। जरूरी काम से निकले लोग छाता लगाए दिखे। स्कूली बच्चे भी रिमझिम फुहार के बीच भीगते हुए स्कूल पहुंचे।