Pilibhit News: बरेली जेल में सजा काट रहे बंदी की मौत, परिजनों ने लगाया सही उपचार न कराने का आरोप
बरेली जेल के बंदी पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सर्वेश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विस्तार
बरेली जेल के बंदी पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव ज्योरहा कल्यानपुर निवासी सर्वेश कुमार (30 वर्ष) की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के तीसरे दिन अभी मृतक का शव परिजनों को नहीं मिला है। मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर इलाज न कराने का आरोप लगाया है। बंदी का मौत से पहले का वीडियो बयान भी वायरल हुआ है, जिसमें बंदी भी इलाज न कराने की बात कह रहा है।
गांव ज्योरहा कल्यानपुर निवासी रामदेई ने बताया कि उनका बेटा सर्वेश करीब तीन वर्ष से बरेली जेल में दुष्कर्म मामले में सजा काट रहा था, जहां वह बीमार हो गया। शुक्रवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने जेल प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर अपने खर्चे पर सर्वेश का इलाज निजी अस्पताल में कराने की मांग की थी। मगर जेल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि थाना पुलिस ने घर आकर उनसे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया है। घर पहुंची पुलिस का वीडियो भी सामने आया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.