Bareilly Accident: कार में आठ बरातियों की जिंदा जलकर मौत, मातम में बदला शादी का जश्न; भयावह हैं ये तस्वीरें
Bareilly Car Accident : कार सवार लोग शादी में शामिल होने के बाद बहेड़ी जा रहे थे। भोजीपुरा इलाके में नैनीताल हाईवे पर कार का टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेने पर पहुंच गई। बहेड़ी की तरफ से आ रहा डंपर कार से टकरा गया। टक्कर होते ही कार में आग गई। किसी को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और जिंदा जलकर आठ लोगों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण हादसा हो गया। भोजीपुरा थाने से कुछ दूरी पर डंपर से टकराने के बाद एक कार में आग गई, जिससे उसमें सवार सभी आठ बरातियों की मौत हो गई। रात करीब ढाई बजे के बाद सभी मृतकों की पहचान हो पाई।
कार सवार लोग बरेली शहर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर बहेड़ी लौट रहे थे। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर कार से शवों को बाहर निकाला। उधर, हादसे की खबर मिलते ही शादी का जश्न गम में बदल गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बरेली में था शादी समारोह
कार बहेड़ी के सुमित गुप्ता की थी, जिसे वह बुकिंग पर चलवाते थे। सुमित के मुताबिक बहेड़ी कस्बे से सटे गांव जाम निवासी उवैस का शादी का कार्यक्रम शनिवार को बरेली शहर में पीलीभीत बाईपास स्थित फहम लॉन में था। इसी में बहेड़ी कस्बे के मोहल्ला नारायण नगला निवासी फुरकान जाम गांव के ही कुछ लोगों को लेकर आया था।
पुलिस के मुताबिक, शादी समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग बहेड़ी लौट रहे थे। रात करीब पौने 12 बजे भोजीपुरा थाने से डेढ़ किमी आगे दभौरा गांव के पास अचानक कार का टायर फट गया। इससे कार असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लेने की सड़क पर पहुंच गई। बहेड़ी की ओर से आ रहा डंपर उससे टकरा गया।
धमाके के साथ लगी कार में आग
डंपर से टक्कर के बाद कार करीब 25 मीटर तक घिसटती रही। इस दौरान धमाके के साथ कार में आग लग गई। सेंट्रल लॉक बंद होने से कार का दरवाजा नहीं खुला, जिससे किसी को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। जिंदा जलकर कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक और हेल्पर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद पहले पुलिस और करीब आधे घंटे बाद दमकल पहुंची, तब तक कार सवारों की बुरी तरह जलकर मौत हो चुकी थी। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान भी मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद नैनीताल हाईवे की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई। एक ओर से आने वाले वाहन वहां फंस गए। सीओ चमन सिंह चावड़ा ने दूसरी लेन पर ही दोनों ओर के वाहनों को निकलवाना शुरू किया। रात एक बजे सभी शव निकाले जाने के बाद कार और डंपर को क्रेन के जरिये रास्ते से हटाया जा सका। इसके बाद आवागमन सुचारु हो सका।
पीलीभीत बाइपास स्थित फहम लॉन में शादी का जश्न चल रहा था। देर रात हादसे की सूचना मिली तो माहौल गमजदा हो गया। शादी में शामिल सभी लोग मैरिज लॉन से चले गए। शादी में मौजूद लोग एक-दूसरे यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि उस गाड़ी से कौन-कौन लोग थे। कई ने घटनास्थल का रुख कर लिया।
मैरिज लॉन में बराती
- कार चालक फुरकान पुत्र भूरे निवासी मितापुर जागीर
- मोहम्मद आरिफ पुत्र अमीर अहमद
- मोहम्मद अय्यूब पुत्र मोहम्मद यूनिस
- बाबू पुत्र प्यारे
- मोहम्मद आलिम पुत्र जाहिद अली
- मोहम्मद आसिफ पुत्र शमीम अहमद
- मोहम्मद आसिफ पुत्र छोटे मुन्ने
- मोहम्मद शादाब पुत्र अब्दुल माजिद (ये सभी गांव जाम शुमाली के रहने वाले थे)