200 करोड़ की ठगी के आरोपी पर लॉकअप में हमला, बंदियों ने फोड़ा सिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
200 करोड़ की ठगी करने का आरोपी श्री गंगा इन्फ्रासिटी का एमडी राजेश मौर्य जेल में भी लोगों के गुस्से का शिकार बन रहा है। शनिवार को पेशी पर आए राजेश की ठगी के शिकार कुछ लोगों ने कचहरी के लॉकअप में पिटाई करते हुए उसका सिर दीवार में मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। हमलावरों ने राजेश के पिता, भाई और चाचा को भी पीटा।
चीखपुकार सुनकर लॉकअप के बाहर खड़े सिपाही अंदर पहुंचे और खून से लथपथ राजेश को बमुश्किल बंदियों के बीच से बाहर निकाला। हालांकि आरोपी बंदियों को भी चोटें आई हैं। बंदी बोले- मौर्य परिवार ही पहले हमलावर हुआ था तो फिर हम रहम क्यों करते।
शहर के ग्रीन पार्क में खोली गई अपनी कंपनी श्री गंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड के जरिये रियल स्टेट में निवेश कराकर लोगों के 200 करोड़ रुपये हड़पने के आरोपी राजेश मौर्य, उसके पिता रामराज, भाई अजय, दिनेश, मनोज और चाचा विश्वनाथ को शनिवार को एसीजेएम प्रथम की कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। सभी को कचहरी लॉकअप में बंद किया गया।
इसी लॉकअप में नाजिम, दीपू, सदाकत, रिहान, नाहिद और राजेंद्र यादव भी बंद थे। कुछ ही देर बाद मौर्य परिवार और बंदियों के गुट में लॉकअप में मारपीट शुरू हो गई। हमलावर बंदियों का आरोप है कि राजेश मौर्य ने उनका लाखों रुपया हड़पा है। घटना के बाद राजेश मौर्य ने कहा कि लॉकअप के अंदर बंदियों के पास ब्लेड थे जिससे उस पर वार किए गए। जेल में भी उसके साथ मारपीट होती है। आरोपी बंदियों ने भी मौर्य परिवार पर हमला करने के आरोप लगाए। रिछा के रिहान, सदाकत और राजेंद्र के गले और चेहरे पर कटे की चोटें थीं।
पुलिस से भी भिड़े गुस्साए बंदी
बंदियों में इस कदर गुस्सा था कि वे पुलिसवालों से भी भिड़ गए। गालीगलौज करते हुए राजेश को सौंपने के लिए कहा। कुछ बंदी धोखाधड़ी के कागज तक दिखा रहे थे। बाद में दोनों पक्षों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद कोतवाली में नाजिम, दीपू, सदाकत, रिहान, नाहिद और राजेंद्र यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गाड़ी में भी भिड़ गए थे दोनों गुट
कचहरी लॉक पर तैनात सिपाही ने बताया कि जिला जेल से कचहरी लाने के दौरान गाड़ी के अंदर ही दोनों गुटों में मारपीट होने लगी थी। उस दौरान तो उन्हें शांत कर दिया गया था, लेकिन लॉकअप में दोनों पक्ष भिड़ गए। जिला जेल में दोनों पक्षों को अलग-अलग रखा गया है।
बंदियों ने राजेश मौर्य की पिटाई की है। आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट की कॉपी जिला जेल प्रशासन को भी भेज दी गई है। - गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर कोतवाली