फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Among Bithri election was settled peacefully

बिथरी के अलावा शांति से निपट गया चुनाव

Sun, 06 Dec 2015 02:04 AM IST
बरेली
बरेली Updated Sun, 06 Dec 2015 02:04 AM IST
विज्ञापन
Among Bithri election was settled peacefully
बरेली। फर्जी वोटिंग की कोशिश को लेकर प्रत्याशियों के आपस में भिड़ने जैसी छुटपुट घटनाओं के बीच शनिवार को प्रधानी के तीसरे चरण में 81.37 फीसदी मतदान हुआ। बिथरीचैनपुर, फरीदपुर, भुता और भदपुरा ब्लाक की 323 ग्राम पंचायतों में वोटरों ने जमकर उत्साह दिखाया। करीब आधा दर्जन पोलिंग बूथों पर फर्जी वोटिंग की कोशिश पर प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद हुआ तो पुलिस ने उन्हें दौड़ा दिया। बिथरीचैनपुर गांव के पोलिंग बूथ पर मौजूदा प्रधान और प्रत्याशी परवीन के पति पर दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने फर्जी वोटर लाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस पर पुलिस ने प्रधान के पति को डंडे फटकार कर दौड़ा दिया। इसी पोलिंग बूथ के पास दो प्रत्याशियों के समर्थक भी भिड़ गए।  बिथरीचैनपुर ब्लाक के सारीपुर गांव में पोलिंग बूथ पर जुटी भीड़ को खदेड़ने का विरोध कर सपा की ओर से ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार विजेंद्र सिंह पुलिस से भिड़ गए। समर्थकों को साथ लेकर उन्होंने दरोगा से धक्कामुक्की की। डोहरा गांव और फरीदपुर ब्लाक के वाकरगंज के पोलिंग बूथ पर भी वोट न डालने देने का आरोप लगाकर पुलिस ने हंगामा किया। डोहरा में देर से पहुंचे वोटरों ने वोट डालने की अनुमति न देने हंगामा कर दिया।
विज्ञापन



बिथरी के प्रधानपति को पुलिस ने पीटा
बरेली। बिथरीचैनपुर गांव के पोलिंग बूथ पर फर्जी वोटिंग की कोशिश को लेकर बखेड़ा हुआ। कुछ लोगों को साथ लेकर वोट डलवाने पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे मौजूदा प्रधान और प्रत्याशी परवीन बी के पति अबरार हुसैन पुलिस से भिड़ गए। इस पर पुलिस ने अबरार को पीटकर भगा दिया। अन्य प्रत्याशियों ने आपत्ति दर्ज कराकर पुलिस से शिकायत की थी कि अबरार अपने पैतृक गांव शारीपुर के कुछ लोगों के फर्जी वोट डलवाना चाहते हैं। पुलिस ने अबरार से पूछताछ की तो वह पुलिस कर्मियों पर ही गरम हो गए। पुलिस के दौड़ाने के बाद शाम को जब मतदान अंतिम चरण में था तो पोलिंग बूथ के सामने अबरार अपने समर्थकों के जुलूस के साथ नारेबाजी करते हुए निकलने लगे। मौके पर मौजूद सीओ संतोष कुमार ने आपत्ति की तो वह उल्टा उनपर ही गुस्सा गए। इस पर पुलिस ने अबरार को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। जबकि अबरार का कहना था कि उनका समर्थक यूसुफ वोट डालने पोलिंग स्टेशन पर आया था, जिससे प्रतिद्वंदी प्रत्याशी कपिल के समर्थक पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वरदयाल के बेटे अर्जुन ने आईडी छीन ली थी लेकिन पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय प्रतिद्वंदी का ही पक्ष लिया। अबरार ने पुलिस की पिटाई की बात से इंकार किया। वहीं, शाम करीब सवा चार बजे बिथरी गांव के पोलिंग बूथ के पास दो प्रधान प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। बूथ के सामने स्थित एक घर में उनके बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने उनको डंडे फटकारकर दौड़ा दिया। इससे अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन


संदेश कन्नौजिया और प्रत्याशी में झड़प
बिथरीचैनपुर ब्लाक के उगनपुर गांव के पोलिंग बूथ पर प्रत्याशी धर्मेंद्र और हिस्ट्रीशीटर संदेश कन्नौजिया में झड़प हो गई। धर्मेंद्र किसी का वोट डलवाने के लिए पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे तो संदेश ने वोटर को फर्जी बताकर आपत्ति जताई। इस पर धर्मेंद्र और संदेश में जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस ने दोनों को समझाबुझाकर विवाद निपटाया। इस गांव से संदेश के भाई विनोद प्रधान पद के प्रत्याशी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



डोहरा में वोटरों ने बूथ घेरकर हंगामा किया
बरेली। बिथरीचैनपुर ब्लाक के डोहरा गांव के जूनियर हाईस्कूल स्थित पोलिंग स्टेशन पर मतदान के अंत में जमकर हंगामा हुआ। डोहरा गौटिया गांव में रहने वाले तमाम वोटर करीब साढ़े चार बजे वोट डालने पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। कहा कि साढ़े चार बज चुके हैं इसलिए अब वोट नहीं डाला जा सकता। इसके बाद वोटरों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह कहने लगे या तो वोट डलवाओ या दुबारा वोटिंग कराओ। हंगामा पर पुलिस ने बूथ का गेट बंद कर लिया। सूचना पर पुलिस के अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। वोटरों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। इन वोटरों में से बहुत सारे लोगों का कहना था कि वह मजदूर हैं और काम से फ्री होने के बाद वोट डालने आए हैं लेकिन अफसरों ने कह दिया कि चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक साढ़े चार बजे के बाद वोट डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। काफी देर शोरशराबा करने के बाद वोटर लौट गए।


पोलिंग बूथ पर मारपीट, कई पकड़े
बिथरी ब्लाक के गांव पुरनापुर के पोलिंग बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशी भिड़ गए। कुंवरपुर बंजरिया में भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों में फर्जी मतदान को लेकर भिड़ंत हुई। पुलिस जब तक पहुंची वह भाग गए। भंडसर में फर्जी प्रमाण पत्रों से मतदान करने को लेकर भी एजेंटों में नोकझोंक हुई। भुता ब्लाक के बरखेड़ा गांव के पोलिंग बूथ पर दो लोगों में गालीगलौज और मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और शांति भंग करने के मामले में जेल भेजा है। सुबह 10 बजे पूर्व प्रधान श्रीपाल सिंह का बेटा सुरजीत सिंह वोट डालने पोलिंग पर गया। उससे एजेंट लाल उर्फ  धीरेन्द्र आईडी दिखाने को कहा। मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई और मारपीट होने लगी। पुलिस दोनों को भुता थाने ले आई। वहीं, ग्राम फैजनगर में शराब पीकर हंगामा करने पर राजपाल, नरेश, विनोद, जीशान, राजेश और गांव रावल में रामसेवक तथा हरीश को पुलिस ने शांति भंग की आशंका में हिरासत में ले लिया।



वोट न डालने देने पर हंगामा
फरीदपुर। वाकरगंज गांव के बूथ पर द्वारिकेश शुगर मिल के कर्मियों को वोट न डालने देने परहंगामा हुआ। वोटर डालने के लिए बूथ पर कर्मचारी जो आईडी दिखा रहे थे, उसे पोलिंग स्टेशन वाले मानने को तैयार नहीं थे। कर्मचारियों के हंगामा के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट के हस्तक्षेप पर कर्मचारियों को वोट डालने दिया गया।


दरोगा से भिड़े सपा नेता विजेंद्र, धक्कामुक्की
बरेली। बिथरीचैनपुर ब्लाक में सपा से प्रमुखी के दावेदार विजेंद्र सिंह अपने गांव शादीपुर के पोलिंग बूथ पर दरोगा से भिड़ गए। विजेंद्र और उसके समर्थकों ने दरोगा के साथ जमकर धक्कामुक्की की। इसके चलते हंगामा भी हुआ।

शादीपुर में विजेंद्र अपने परिवार के विजय कुमार प्रधानी चुनाव लड़ रहे हैं। गांव के प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर सुबह से ही विजेंद्र के समर्थक भी जुट गए थे। दूसरे प्रत्याशी हृदेश पटेल ने पुलिस को शिकायत की कि विजेंद्र लोगों को डरा-धमकाकर वोट डलवा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ा दिया। दो बार ऐसा हुआ। दोपहर ढाई बजे पोलिंग बूथ के आसपास विजेंद्र के समर्थक कुर्सियां डालकर बैठ गए। दूसरे प्रत्याशियों की आपत्ति पर पुलिस ने उन्हें समझाकर हटने को कहा लेकिन जब नहीं माने तो पुलिस वालों ने कुर्सी उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। इस पर विजेंद्र भी वहां पहुंच गए और समर्थकों को साथ लेकर पुलिस कर्मियों से भिड़ गए। उन्होंने पुलिस की जीप भी घेर ली और मौके पर मौजूद दारोगा से काफी कहासुनी हुई। धक्कामुक्की की गई। इस पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थित रही। भीड़ भी इकट्ठी हो गई। बाद में पुलिस को ही चुप्पी साधनी पड़ी। उधर, विजेंद्र का कहना है कि दरोगा शराब पीए हुआ था और प्रत्याशी हृदेश से उसने पैसे ले लिए थे, जिसके बाद वह गांव में हंगामा कर रहा था। इस बात पर उन्होंने दरोगा से आपत्ति जताई और विरोध किया।


इंसेट...
ब्लाकों में पड़े वोट
बिथरीचैनपुर : 79.3
फरीदपुर : 79.55
भुता : 79.46
भदपुरा :  87.2
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed