Bareilly News: मस्जिद के कमरे में मिला आलिम का शव, परिवार ने हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा
मोहम्मद फैजान बरेली में आला हजरत दरगाह के पास मदरसे से आलिम की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार रात उसका शव गांव तिगरी स्थित मस्जिद के कमरे में मिला।
विस्तार
बरेली जिले के शाही के गांव तिगरी में शुक्रवार रात 19 साल के युवक फैजान का शव मस्जिद के कमरे में मिला। वह रिछा स्टेशन का रहने वाला था और तीन दिन पहले घर से यहां आया था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शाही थाने में हंगामा किया।
फैजान के भाई रिजवान ने बताया कि उनका भाई मोहम्मद फैजान बरेली में आला हजरत दरगाह के पास मदरसे से आलिम की पढ़ाई कर रहा था। तिगरी गांव की मस्जिद के इमाम अब्दुल मुस्तफा तीन दिन पहले उनके घर आए थे। वह उनके भाई को बुलाकर ले गए।
हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
उन्होंने बताया था कि उनके घर में शादी है। चार दिनों तक मस्जिद में इमाम का काम देखना है। शुक्रवार रात उन्हें भाई की हत्या की सूचना मिली है। शव जिस तरह से चारपाई पर रखा है, उससे लग रहा है कि हत्या करके आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। उधर, परिजनों का आरोप है कि उनके आने से पहले पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।