प्रशासन ने हटाया रोस्टर, आज से पांचों दिन खुलेगा पूरा बाजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पैरवी के बाद जिला प्रशासन ने हफ्ते में पांच दिन बाजार खोलने की अनुमति देने की मांग आखिरकार मान ली। रविवार को वेबिनार में व्यापारियों की ओर से बाजारों में आपसी दूरी और मास्क लगाने के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी नियम-कायदों के पालन का भरोसा दिलाने के बाद डीएम ने सोमवार से रोस्टर हटाने और सुबह नौ से रात नौ बजे तक पूरा बाजार खोलने का आदेश जारी कर दिया। व्यापारियों ने वेबिनार के दौरान बाजार में भीड़ रोकने के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग भी की लेकिन डीएम ने उसे खारिज कर दिया।
पिछले सप्ताह 55 घंटे के लॉकडाउन के बाद जिला प्रशासन की ओर से 15 जुलाई से नया रोस्टर लागू किया था जिसके मुताबिक तारीखवार ढंग से दिशा के आधार पर दुकानें खोलने का नियम तय किया गया। हालांकि व्यापारियों की ओर से शनिवार और रविवार की बंदी लागू होने के बाद इससे पहले से ही हफ्ते के बाकी पांचों दिन पूरा बाजार खोलने की अनुमति देने की मांग की जा रही थी।
प्रशासन ने बाजार में भीड़ के साथ शहर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ने के कारण इस मांग को नजरअंदाज किया तो व्यापारी रोस्टर के विरोध पर उतर आए। उन्होंने प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की तो कुछ व्यापारी ही उनके विरोध में खड़े हो गए। इसके बाद व्यापारियों का एक गुट केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की शरण में पहुंचा।
संतोष गंगवार ने पहले दिल्ली और फिर बरेली आने के बाद डीएम नितीश कुमार से इस मुद्दे पर बात की। इसके बाद डीएम ने व्यापारियों के आगे शर्त रखी कि अगर वे हफ्ते में पांचों दिन बाजार खोलना चाहते हैं तो उन्हें बाजार में भीड़भाड़ कम रखने के साथ कोरोना से बचाव के सभी नियम-कायदों के पालन की जिम्मेदारी लेनी होगी। रविवार को हुई वेबिनार में भी डीएम ने व्यापारियों के आगे यही सवाल रखा कि बाजार में वे सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क की अनिवार्यता का किस तरह पालन कराएंगे। व्यापारियों की ओर से इसका भरोसा दिलाने के बाद बाद डीएम ने रोस्टर हटाकर सोमवार से शुक्रवार तक पूरा बाजार खोलने की मंजूरी दे दी।
भीड़भाड़ रोकने के लिए वालंटियर रखेंगे व्यापारी
रोस्टर हटाकर पूरा बाजार खोलने के आदेश के बाद पुलिस और प्रशासन के सामने उन इलाकों में आपसी दूरी का पालन कराने की चुनौती है जहां संकरी गलियों में बाजार हैं। श्यामगंज, बानखाना, कुतुबखाना समेत शहर के कई बाजार इसी श्रेणी में आते हैं। हालांकि वेबिनार में व्यापारियों ने डीएम को आश्वस्त किया कि ऐसी जगहों पर भीड़भाड़ कम रखने के लिए वे अपने वालंटियर रखने के लिए तैयार हैं।
आवश्यक वस्तु और सेवा की दुकानें खुली रहेंगी
शनिवार और रविवार इन दोनों दिन आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं वाली दुकानें और संस्थान खुले रहेगे। इसके अलावा शहरी व ग्रामीण हाट बाजार, गल्ला मंडी आदि पर प्रतिबंध पूर्ववत लागू रहेंगे।