Bareilly News: थाने के मुंशी कक्ष में आरोपियों ने बनाई रील, छूटते ही की वायरल, पुलिस फिर तलाश में जुटी
फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया था। इन आरोपियों ने थाने के अंदर बैठकर मोबाइल से रील बनाई। जमानत पर छूटने के बाद रील को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
विस्तार
बरेली में स्मैक तस्करी के लिए चर्चित फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में युवकों को अब रील बनाने का शौक चढ़ा है। सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश कर चर्चा में आए आरिश उर्फ बाबा और उसके साथियों को पुलिस ने पकड़ा था। उन्होंने थाने के मुंशी कक्ष में रील बना ली और जमानत पर छूटकर वायरल कर दी। पुलिस दोबारा इनकी तलाश कर रही है।
वायरल हो रहा आरिश खान उर्फ बाबा खुद को सोशल मीडिया कलाकार बताता है। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे का निवासी बाबा पहले भी कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले कारनामे कर चुका है। दोस्तों के साथ अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर वह पहले वीडियो बना चुका है। बताते हैं कि बाबा व उसके दो साथियों को शुक्रवार को झगड़े के एक मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था।
पुलिस ने नहीं जमा कराया था वीडियो
पुलिसकर्मियों ने भरोसे की वजह से इन्हें हवालात में न बैठाकर थाने के मुख्य कक्ष में मुंशी के पास जमीन पर बैठा दिया। बताते हैं कि इन लोगों का मोबाइल फोन भी जमा नहीं किया गया। यहां बाबा ने फिर खुराफात कर दी। उसने थाने के अंदर बैठे हुए खुद व दोनों दोस्तों का वीडियो बना लिया।
इसमें थाना कार्यालय, पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर चालान किया तो मजिस्ट्रेट से इन्हें जमानत मिल गई। बताते हैं कि रिहा होते ही बाबा व उसके दोस्तों ने थाने में बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इंस्पेक्टर बोले- पुलिसकर्मी की गलती मिली तो होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शांतिभंग में शुक्रवार को 12 लोगों का चालान हुआ था। इनमें मारपीट, हंगामा व अलग-अलग विवादों के आरोपी थे। आरिश उर्फ बाबा भी इनमें शामिल था। नियमानुसार सभी के मोबाइल फोन जमा करा लिए गए।
थाने में बैठने के दौरान बाबा ने दुकान खुली होने और परिजनों को इसकी जानकारी देने के नाम पर पुलिसकर्मी से उसका मोबाइल फोन ले लिया। शायद इसी से रील बनाकर अपने फोन में ले ली और छूटकर वायरल कर दी। यह अपराध है, दोषियों की गिरफ्तारी करके दोबारा मुकदमा दर्ज किया जाएगा। किसी पुलिसकर्मी की गलती मिलेगी तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।