फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   वो खुद क्यों नहीं कहते-चौकीदार नहीं, चोर हूं...

वो खुद क्यों नहीं कहते-चौकीदार नहीं, चोर हूं...

Fri, 19 Apr 2019 02:16 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 19 Apr 2019 02:16 AM IST
विज्ञापन
वो खुद क्यों नहीं कहते-चौकीदार नहीं, चोर हूं...
बदायूं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के पूरे भाषण में मोदी ही उनके निशाने पर रहे। सपा-बसपा का जिक्र भी उन्होंने एक बार किया, लेकिन मोदी को बार- बार ‘चोर’ कहने से नहीं चूके। बोले- मोदी देश की सुरक्षा और देशभक्ति की बात तो करते हैं, लेकिन वह ये क्यों नहीं बताते कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला, किसानों को फसल का दाम क्यों नहीं मिला। वह ये क्यों नहीं कहते कि वह काम नहीं कर पाए, वह फेल हो गए, जनता का भरोसा उन्होंने तोड़ा। वह यह क्यों नहीं कहते कि मैं चौकीदार नहीं, मैं चोर हूं।
विज्ञापन

म्याऊं कस्बे की जनसभा में राहुल गांधी का लगभग 22 मिनट का भाषण मोदी पर ही केंद्रित रहा। राहुल ने किसानों की भी बात की, युवाओं का भी जिक्र किया, घोषणाओं के माध्यम से उन्हें रिझाने की भी कोशिश की, साथ ही अपने घोषणापत्र में शामिल वायदे भी गिनाए, लेकिन महिलाओं का जिक्र कहीं नहीं किया। मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने जनता से बहुत वादे किए थे, लेकिन कितने पूरे हुए। बोले- नीरव मोदी को जेल में नहीं डाला, मेहुल चौकसी को जेल में नहीं डाला, विजय माल्या बाहर घूम रहा है। लाखों-करोड़ों रुपये इन्होंने बैंकों से कर्जा लिया और वापस नहीं किया, इनको मोदी भागने देते हैं, लेकिन अगर कोई किसान 30 हजार रुपये कर्जा लेकर वापस न दे तो यही सरकार उसे जेल में डाल देती है। बोले- जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी, हम कानून बदल देंगे। राहुल गांधी ने कहा- मोदी अपने भाषणों में देश की सुरक्षा और देशभक्ति की बात करते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा का सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है, वह उसकी बात क्यों नहीं करते।
विज्ञापन

सपा और बसपा पर प्रहार करते हुए बोले- इनके नेताओं के मुंह से कभी नहीं निकला कि चौकीदार चोर है, क्योंकि ये मोदी से डरते हैं। मोदी के हाथ में सीबीआई है, सपा और बसपा की चाभी है। युवाओं को रिझाते हुए कहा कि मैं दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात नहीं करूंगा, 22 लाख खाली नौकरियां हैं, कांग्रेस की सरकार एक साल में इन्हें भरकर देगी। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में नौकरी दी जाएगी। कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को छोटा व्यापार चालू करने पर उसे किसी सरकारी विभाग से कोई अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सभा को पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया, बरेली लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन, आंवला लोकसभा प्रत्याशी सर्वराज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता आबिद रजा आदि ने भी संबोधित किया।

राहुल गांधी के 56 इंच के दिल से चलेगा देश: सिंधिया
बदायूं। राहुल के साथ म्याऊं पहुंचे कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी यहां जनता को संबोधित किया। जनता से संवाद करते हुए बोले- पिछले पांच साल के मोदी सरकार के अत्याचारों का बदला 23 अप्रैल को सूद के साथ लेना है। आज देश का किसान परेशान है। उन्हें उनकी फसल का सही मूल्य नहीं मिलता। किसानों के आंदोलन को कुचला जा रहा है उन पर आंसू गैस छोड़ी गई। दिल्ली में 70 हजार किसानों को बेरहमी से पीटा गया। बोले- जुमलों से देश नही चलता। यह भी बोले- मोदी के 56 इंच के सीने से देश नहीं चलता, राहुल गांधी के 56 इंच के दिल से देश चलेगा।

ऐरन और सर्वराज ने भी किया संबोधित
बदायूं। राहुल गांधी के भाषण से पहले बरेली के प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन और आंवला लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कुंवर सर्वराज सिंह ने भी जनता को संबोधित किया। ऐरन ने कहा कि जनता आज यह जान चुकी है कि कांग्रेस ही देश का भला कर सकती है। देेश को यदि आगे बढ़ा सकती है, किसानों का भला कर सकती है, बेरोजगारी दूर कर सकती है तो वह केवल कांग्रेस ही है। सर्वराज सिंह ने कांग्रेस को देश की दशा और दिशा बदलने वाली पार्टी बताते हुए अपनी लोकसभा के एक प्रत्याशी के बारे में कहा कि 23 अप्रैल की शाम को वह कहेंगी ‘सवेरे वाली गाड़ी से चले जाएंगे’।

आबिद ने राहुल से मांगी बदायूं को यूनिवर्सिटी
बदायूं। राहुल गांधी का भाषण शुरू होने से पहले प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रवक्ता आबिद रजा मंच पर उनके साथ ही बैठे थे। कांग्रेस की सरकार तथा राहुल के प्रधानमंत्री बनने की दशा में आबिद ने उनसे बदायूं के लिए एक यूनिवर्सिटी की मांग की। आबिद ने कहा कि बदायूं शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा है, इसलिए यहां एक यूनिवर्सिटी का होना जरूरी है। इसके अलावा हर ब्लॉक पर केंद्रीय विद्यालय खुलवाने की भी उन्होंने जरूरत बताई। कहा कि यदि ब्लॉक स्तर पर नहीं हो तो तहसील स्तर पर तो केंद्रीय विद्यालय होने ही चाहिए।

हेलीकॉप्टर देखने वालों की भीड़ थी अलग
जनसभा में कई लोग ऐसे भी थे, जिन्हें जनसभा या नेताओं के भाषण से कोई मतलब नहीं था। सभा के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के भाषण से पहले ही उन्होंने बराबर में बने हेलीपेड के पास अपनी जगह पक्की कर ली थी। इनमें बच्चों और किशोरों की संख्या ज्यादा थी। ये लोग हेलीकॉप्टर आने और उसके जाने तक यहीं डटे रहे। राहुल के जाने के बाद उन्होंने हाथ उठाकर उनको विदाई भी दी।


मंच पर ये रहे मौजूद
मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत बरेली लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन, आंवला लोकसभा प्रत्याशी सर्वराज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता आबिद रजा, प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पाठक और अलाउद्दीन, आंवला लोकसभा प्रभारी डॉ. नागेंद्र शेखावत, तसलीम रजा, डॉ. नीतू शर्मा, बरेली जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय, प्रदेश सह प्रभारी धीरज गुर्जर मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को सभास्थल पर लाने के लिए बसों समेत तमाम व्यवस्थाएं प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह ने संभाली।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed