यूपी: बाराबंकी में एलपीजी टैंकर से कार की जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के सात लोग घायल; हालत नाजुक
बाराबंकी में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर ओवरटेक के दौरान कार की खाली एलपीजी टैंकर से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हुए, जिनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है।
विस्तार
लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसौली थाना क्षेत्र के नयागांव स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह ओवरटेक करने के प्रयास में कार सामने से आ रहे एलपीजी टैंकर से टकरा गई। भीषण हादसे में कार सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। इनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लखनऊ के बंगला बाजार निवासी गंगाराम का परिवार दीपावली मनाने कार से गोंडा जा रहा था। कार में परिवार के सात सदस्य सवार थे। नयागांव के पास चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान सामने से बहराइच की ओर जा रहे खाली एलपीजी टैंकर से कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और मसौली पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान शकुंतला देवी (75), सुधीर वर्मा (53), कंचन लता (50), रंजना वर्मा (45), सोना (6), हार्दिक वर्मा (12) और मनीषा वर्मा (9) के रूप में हुई।
परिवार के बड़े बेटे लवकुश वर्मा ने बताया कि सभी दीपावली मनाने गोंडा जा रहे थे। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। कुछ की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया जा सकता है।
खाली टैंकर होने से टला बड़ा खतरा
सीओ गरिमा पंत के अनुसा रहादसे में शामिल एलपीजी टैंकर खाली था। इससे गैस रिसाव या आग लगने जैसी घटना नहीं हुई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।