Barabanki: मां वैष्णो देवी दर्शन को गया श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू में फंसा, वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
बाराबंकी से मां वैष्णो देवी के दर्शन को गया श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू में फंस गया है। उन्होंने वीडियो जारी करके मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल वह लोग श्री बांके बिहारी, गोरखा मंदिर में रुके हैं।
विस्तार
मां वैष्णो देवी के दर्शन को गए बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के भरथरी गांव निवासी कुछ लोग जम्मू में फंस गए। इससे परिवार के लोग परेशान हैं। श्रद्धालुओं ने वहां का वीडियो बनाकर घरवालों को भेजकर वहां की स्थिति से रूबरू कराया है।
बताया गया कि लखनऊ से हिमगिरी ट्रेन से 23 अगस्त को 32 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ था। इन लोगों को 27 अगस्त को वापस लौटना था। लेकिन, पठानकोट में पुल टूट जाने से सभी ट्रेनें रद्द हो गईं। इस वजह से अब तक वे लोग जम्मू में ही रुके हुए हैं।
छोटे बच्चों की तबीयत बिगड़ रही...
श्रद्धालुओं का यह दल इस समय श्री बांके बिहारी, गोरखा मंदिर, शिवाजी चौक सेक्टर-4, नानक नगर, जम्मू में ठहरा हुआ है। दल का नेतृत्व सिरौली गौसपुर मंडल महामंत्री दीपक वर्मा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार कई दिन बीत जाने के बाद अब उनके पास खाने-पीने के लिए पैसे खत्म हो रहे हैं। छोटे बच्चों की तबीयत भी बिगड़ रही है।
श्रद्धालुओं ने अपनी पीड़ा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपना दर्द बयां किया। दीपक वर्मा ने वीडियो संदेश के जरिये सरकार और जिला प्रशासन से मदद की अपील की है। वहीं, परिजन लगातार वीडियो कॉल और फोन के जरिये अपने प्रियजनों से संपर्क में हैं। लेकिन, उनकी बेचैनी कम नहीं हो रही। परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द से जल्द उनके प्रियजन सुरक्षित घर लौट आएंगे।
सरकार और प्रशासन से मदद की उम्मीद
दल में 9 महिलाएं और कई छोटे बच्चे शामिल हैं। इनमें सुनीता, रघुराज वर्मा, जय देवी, रामनरायण गौतम, विनोद कुमार, रीता देवी, बेबी, शिवकुमारी गौतम, प्रमोद, काजल गौतम, सूरज समेत कई अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। गांव और इलाके में हर किसी की नजर अब सरकार और प्रशासन की ओर है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि राहत और सहायता से रास्ता साफ होगा। सभी श्रद्धालु सुरक्षित घर पहुंचेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.