हत्या के आरोपी फिरोज का कोर्ट में समर्पण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फोटो-23 बीआरबी 25 पी
बाराबंकी। लखनऊ में स्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र दुर्गेश सिंह की हत्या का नामजद आरोपी फिरोज ने सोमवार दोपहर बाराबंकी कोर्ट में समर्पण कर दिया। कोर्ट ने आरोपी फिरोज को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस की मानें तो फिरोज वर्ष 2012 में दर्ज एक चोरी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। फिरोज के कोर्ट में हाजिर होने की जानकारी पर लखनऊ पुलिस उसकी पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
बताते चले कि रामनगर थाना क्षेत्र के सरसवा गांव निवासी दुर्गेश सिंह पुत्र राजू सिंह को रामनगर क्षेत्र के ही रामस्वरूप पुरवा गांव निवासी फिरोज उर्फ साधू बीते 19 जून को लखनऊ बुलाकर ले गया और गला काटकर हत्या कर दी थी। बताते है कि फिरोज व मृतक दुर्गेश काफी अच्छे दोस्त थे। दुर्गेश रामनगर में ही डिग्री कालेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। दुर्गेश के लापता होने के बाद उसके परिवारीजनों ने इस मामले में लखनऊ में ही उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसके बाद सोमवार को दुर्गेश का लखनऊ में शव मिलने पर इस मामले में फिरोज को नामजद किया गया था। दुर्गेश की हत्या के मामले में नाम आने पर फिरोज ने सोमवार को ही बाराबंकी कोर्ट में एक दूसरे मामले में आत्मसमर्पण कर दिया जिसके बाद उसे जेल भेजा गया है। बताते है कि फिरोज चोरी के एक मामले में वांछित था जिसके चलते वह जेल भेजा गया है। अब फिरोज से पूछताछ के लिए लखनऊ पुलिस द्वारा उसे रिमांड पर लेने की कोशिश की जा रही है।
अपराधी है फिरोज
छात्र दुर्गेश की हत्या का आरोपी फिरोज अपराधी है उसके खिलाफ जिले में फतेहपुर व सीतापुर जिले के थानों में चोरी व लूट के कई संगीन मामले पहले से ही दर्ज है। बाराबंकी पुलिस को भी फिरोज की तलाश थी पर उसका पता नहीं लग पा रहा था। फतेहपुर कोतवाल डीसी मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2012 में कोतवाली क्षेत्र में हुई एक चोरी के मामले में फिरोज वांछित था। कहा इसी मामले में फिरोज ने सोमवार को कोर्ट में समर्पण किया था जहां से उसे जेल भेजा गया है।
रामनगर थाना क्षेत्र के सरसवा गांव निवासी छात्र दुर्गेश सिंह की हत्या व लापता होने के मामले में यहां कोई मामला नहीं दर्ज है। इस मामले में लखनऊ में ही रिपोर्ट दर्ज है जिसके चलते सभी कार्रवाई लखनऊ पुलिस ही करेगी। फिरोज व मृतक दुर्गेश अच्छे मित्र थे पर आपस में अनबन व पैसों की लेनदेन के चलते दुर्गेश की हत्या की गई है।
- कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी उत्तरी