बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र के जरोहरा गांव में शराब के लिए रुपये न देने पर रोहित ने पत्नी (25) को छत से फेंक दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर रोहित को पकड़ लिया है। ओरन के रहने वाले शोभा के भाई विमलेश यादव ने बताया कि बहन की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। पति अक्सर शराब पीकर मारता-पीटता था।
घायल शोभा ने पुलिस को बताया कि रविवार को सुबह भी शराब के लिए रुपये न देने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और फिर छत से नीचे फेंक दिया। बिसंडा थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय ने बताया कि भाई की तहरीर पर आरोपी रोहित के विरुद्ध दहेज अधिनियम, गंभीर चोट पहुंचाना, मारपीट समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर ओरन चौकी पुलिस को सौंप दिया है।