{"_id":"b715795355c876ef58308062413def95","slug":"villagers-hostage-je-in-substation-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सबस्टेशन में जेई को बंधक बनाया ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सबस्टेशन में जेई को बंधक बनाया
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Tue, 21 Apr 2015 12:23 AM IST
विज्ञापन
डेढ़ माह से बिजली आपूर्ति ठप रहने पर सोमवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उत्तेजित ग्रामीणों ने बदौसा सबस्टेशन में धावा बोलकर अवर अभियंता को बंधक बना लिया। कुर्सी पर बैठाकर हाथ पांव बांधने के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
विज्ञापन
दो घंटे बाद पुलिस के पहुंचने और अवर अभियंता द्वारा 48 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति चालू करने के आश्वासन पर उन्हें मुक्त किया गया। इस प्रकरण के बाद अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता को ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
बदौसा सबस्टेशन का ट्रांसफार्मर पिछले माह बीते दो मार्च को फुंक गया था। इससे बदौसा समेत फतेहगंज और महुटा गांवों की बिजली बाधित हो गई थी। इन गांवों में एक ट्रांसफार्मर से बारी-बारी से आपूर्ति की जा रही है। इस वजह से किसी भी गांव में पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पा रही थी।
विज्ञापन
अधिकतर समय बिजली गुल रहती है। 10 अप्रैल को नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया किंतु वह चालू करते ही फुंक गया। इधर, कई दिनों से गर्मी भी बढ़ गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं का सब्र टूट गया। बड़ी संख्या में लोग सोमवार को करीब 11 बजे सबस्टेशन पहुंचे और वहां मौजूद अवर अभियंता अहमद खां को घेर लिया।
इस बीच कुछ और ग्रामीण आ गए। नाराज ग्रामीणों ने अवर अभियंता को कुर्सी पर ही साफी से लपेटकर बांध दिया और नारेबाजी करने लगे। सबस्टेशन के अन्य कर्मचारियों की सूचना पर बदौसा थाने के उपनिरीक्षक शैलेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझाया।
ग्रामीण बगैर ट्रांसफार्मर बदले अवर अभियंता को रिहा करने पर राजी नहीं थे। अवर अभियंता ने मिन्नत के बाद ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि 48 घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। इसके बाद उन्हें मुक्त किया गया।
इस दौरान अवर अभियंता ने कहा कि विभाग द्वारा उपकरण उपलब्ध न कराने की वजह से उन्हें यह जनाक्रोश झेलना पड़ा। अधिशासी अभियंता समरनाथ ने कहाकि ठेकेदार की लापरवाही से ट्रांसफार्मर नहीं लगा। प्रताड़ित किए गए अवर अभियंता को निर्देश दिया है कि पुलिस को तहरीर दें।
वह खुद भी पुलिस अधीक्षक से मिलकर सबस्टेशनों मेें सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किए जाने की मांग करेंगे। उधर, थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि अवर अभियंता या बिजली विभाग की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। ग्रामीण आक्रोशित होकर नारे लगा रहे थे। उन्हें शांत किया गया।