बांदा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण करने के लिए एक नई व्यवस्था की शुरुआत की गई है। आगामी सीजन 2024-2025 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 15 फरवरी से प्रारंभ की है। बांदा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव वासिफ ज़मा खां एवं अध्यक्ष चंद्रमौली भारद्वाज ने बताया कि अभी तक खिलाड़ियों के पंजीकरण के लिए ऑफलाइन फॉर्म भरे जाते थे। इस नई व्यवस्था से खिलाड़ियों का सुचारू रूप से एवं कुशलतापूर्वक पंजीकरण सुनिश्चित हो सकेगा। सभी खिलाड़ियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। इस वर्ष से कोई भी भौतिक प्रपत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अंडर 14, 16, 19, 23 आयु वर्ग के पुरुष खिलाड़ी एवं अंडर 16, 19, 23 आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी एवं रणजी ट्रॉफी के पुरुष एवं महिला वर्ग के सभी खिलाड़ी एक ही ग्रुप में प्रतिभाग कर सकते हैं। खिलाड़ी पंजीकरण फार्म वेबसाइट https://www.upca.tv पर उपलब्ध कराया जाएगा। फार्म भरने के बाद खिलाड़ियों को विशिष्ट पहचानकर्ता (यूआईडी) के साथ अपने संबंधित डीसीए पर जाना होगा। संबंधित जिला क्रिकेट एसोसिएशन को 400 रुपये पंजीकरण शुल्क का सीधा भुगतान करना होगा। शुल्क भुगतान की पुष्टि संबंधित डीसीए द्वारा किए जाने के बाद ही आवेदन जमा माना जाएगा।