गाज ने ली तीन किसानों की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बबेरू/बेंदाघाट। गाज ने रविवार को जमकर कहर ढाया। दो किसानों की मौत हो गई। तीन महिलाओं समेत चार झुलस गए। 34 मवेशियों की जान चली गई। झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बबेरू तहसील क्षेत्र के सिमौनी गांव में किसान दयाराम कुशवाहा (48) पत्नी भूरी देवी (46) के साथ खेत में बुआई कर रहा था। दोपहर को बिजली गिरने से दयाराम की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। गाज गिरने से दूसरी मौत तिंदवारी क्षेत्र के परसौड़ा गांव में हुई। शीतला प्रसाद प्रजापति (56) दोपहर को बरेठी असकरन के जंगल में मवेशी चरा रहा था। बारिश से बचने के लिए वह पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी बिजली आ गिरी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, गाज से 34 बकरियां भी मौत के मुंह समां गईं। बबेरू क्षेत्र के मझीवां गांव में तीन स्थानों पर बिजली गिरने से जंगल में चर रहीं बकरियां और एक गाय की मौत हो गई। एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद यादव ने सभी मवेशियों के पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं। इसी क्षेत्र के सिंहपुर गांव के मजरा टोलिया में भी छह, लोहारी गांव में पांच बकरियों की मौत हो गई। पैलानी प्रतिनिधि के मुताबिक जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया और मजरा कुंडाडोर में बिजली से एक-एक भैंस व एक बकरी की मौत हो गई। सिंहपुर गांव में खेत में मवेशी चरा रही शिवलली (42) और लोहारी गांव निवासी शंकरिया (50) गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें पीएचसी तिंदवारी में भर्ती कराया है। सदर तहसीलदार सुनील कुमार पटेल, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह और लेखपाल अवधेश पटेल ने पीड़ितों से मुलाकात कर आर्थिक मदद का भरोसा दिया। उधर, जिलाधिकारी योगेश कुमार ने अपर जिलाधिकारी और सभी उप जिलाधिकारियों तथा तहसीलदारों को निर्देश दिया है कि बिजली गिरने से जहां भी जन या पशु अथवा फसल की हानि हुई है वहां सोमवार की शाम तक सर्वे और आंकलन हर हाल में करवा लिया जाए। मंगलवार को पीड़ितों को मुआवजा राशि दे दी जाए। अतर्रा प्रतिनिधि के मुताबिक बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव निवासी शिवम सिंह (22) पुत्र रोशन सिंह रविवार को दोपहर खेत पर मवेशी चरा रहा था। बारिश होने पर पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।