बांदा। कैबिनेट मंत्री संजय कुमार निषाद ने रविवार सुबह सवा 11 बजे जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां मरीजों से इलाज के बारे में पूछताछ की। कार्डियोलाजिस्ट और रेडियोलाजिस्ट न होने पर सीएमएस डॉ. एसएन मिश्रा से मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं, बिजली कटौती से जूझ रहे अस्पताल को आटो जनरेटर से चलाने के साथ ही अस्पताल की अन्य कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया। करीब 45 मिनट तक उन्होंने विभिन्न विभागों का जायजा लिया।
कैबिनेट मंत्री ने पुरुष वार्ड में भर्ती इंदिरानगर निवासी गोपीचंद मूलचंदानी (82) से इलाज के बारे में पूछा। मरीज ने बताया कि बेहतर इलाज हो रहा है। इसी तरह खेरा गांव के जगदेव ने बताया कि बेहतर इलाज हो रहा है। निरीक्षण में साथ चल रहे सीएमएस से अस्पताल में सिपाहियों की ड्यूटी लगाने, बिजली गुल रहने पर आटो जेनरेटर से बिजली आपूर्ति किए जाने के निर्देश दिए। माइनर ओटी में और सफाई की बात कही। इस दौरान उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।