{"_id":"5abfc4d24f1c1bee618b4ccb","slug":"sarita-takes-oath-as-zila-panchayat","type":"story","status":"publish","title_hn":"शपथ लेकर सरिता ने संभाली जिला पंचायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शपथ लेकर सरिता ने संभाली जिला पंचायत
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
Updated Sat, 31 Mar 2018 10:56 PM IST
विज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष की शपथ लेतीं सरिता द्विवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत अध्यक्ष उप चुनाव में 13 दिनों पूर्व निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं भाजपा की सरिता द्विवेदी ने पद की शपथ लेने के साथ ही औपचारिक रूप से जिला पंचायत की कमान संभाल ली। शनिवार को भरपूर तैयारियों वाले भव्य समारोह में उन्हें डीएम डीपी गिरि ने शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य नहीं आए। भगवा रंगों से सजे मंच में भाजपा नेताओं का जमघट रहा।
विज्ञापन
शहर के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के पंडाल को खचाखच भरने के लिए बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन लगाकर आसपास के गांवों से लोग लाए गए। पंडाल से बचा जीआईसी का शेष ग्राउंड वाहनों से भरा रहा। समारोह को शानदार बनाने में नवनिर्वाचित अध्यक्ष के पति विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भरपूर ताकत लगा दी।
विज्ञापन
मंच पर सरिता द्विवेदी को डीएम डीपी गिरि ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सरिता ने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि वह जिला पंचायत के सभी सदस्यों को विश्वास में लेकर साफ-सुथरी, निष्पक्ष और पारदर्शी नीति के साथ एक अच्छी जिला पंचायत संचालित करेंगी।
विज्ञापन
समारोह को सांसद भैंरो प्रसाद मिश्र, विधायक प्रकाश द्विवेदी (बांदा), चंद्रपाल कुशवाहा (बबेरू), राजकरन कबीर (नरैनी), आरके सिंह पटेल (मानिकपुर) चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय (कर्वी) भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह व मुखलाल पाल आदि ने भी संबोधित किया। मंच पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष और भाजपा नेता अशोक त्रिपाठी जीतू, पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल व अयोध्या सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ल, संतोष कुमार गुप्ता, डा.विजय सिंह चौहान, राजेश द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा और बल्देव वर्मा सहित अधिकांश जिला पंचायत सदस्य आदि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से मंच पर उपस्थित अधिकारियों में सीडीओ आरके सिंह व जिला पंचायत अपर मुख्य अधिकारी रणमत सिंह शामिल रहे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह पटेल ने की। संचालन भजन गायक पंकज रावत ने किया।