फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Banda News ›   police,medical,banda,collage,oxygen

ऑक्सीजन की कमी पर तीमारदारों का हंगामा

Fri, 30 Apr 2021 11:34 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Fri, 30 Apr 2021 11:34 PM IST
विज्ञापन
police,medical,banda,collage,oxygen
बांदा। राजकीय मेडिकल कालेज में हालात सुधर नहीं रहे। ऑक्सीजन और बेड की कमी तथा रेमडेसिविर इंजेक्शन न होने से अब रोज बवाल के हालात हो रहे हैं। लगातार दूसरे दिन यानी बृहस्पतिवार की रात को भी मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन और इंजेक्शन न होने पर मरीजों के तीमारदारों ने हंगामा किया। रात-दिन मरीजों के इलाज में जुटे डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के भी संयम खोने से दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई।
विज्ञापन

पुलिस और मेडिकल कालेज अधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। राजकीय मेडिकल कालेज में चारों जनपदों बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर व महोबा के 198 मरीज भर्ती हैं। करीब एक सैकड़ा मरीज ऑक्सीजन के सहारे हैं। बृहस्पतिवार की रात ऑक्सीजन खत्म हो जाने पर मरीज की हालत बिगड़ने से तीमारदारों का सब्र का बांध टूट गया। डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों से भिड़ गए। तीमारदारों और डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के बीच देर रात तक हंगामा होता रहा। सूचना पाकर मेडिकल कालेज चौकी पुलिस पहुंच गई। मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य के आश्वासन पर तीमारदार शांत हुए। देर रात सिलिंडर की खेप पहुंचने पर मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। हंगामा करने वालों में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के तीमारदार थे।
विज्ञापन

उधर, ऑक्सीजन की कमी से रोजाना बड़ी संख्या में मरीज दम तोड़ रहे हैं। सात माह पूर्व शासन ने मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापना की मंजूरी दी थी, लेकिन टेंडर आदि प्रक्रिया से प्लांट स्थापना में लेटलतीफी हुई। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन संकट से मौतों का ग्राफ बढ़ा तो शासन ने ऑक्सीजन प्लांट शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसी के तहत यहां भी ऑक्सीजन प्लांट स्थापना में तेजी आ गई। लगभग दो करोड़ की लागत से निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का काम करीब 40 फीसदी पूरा हो गया। आधुनिक विदेशी मशीन से लैस प्लांट में हवा से ऑक्सीजन तैयार करने की क्षमता है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इंसेट---
मेडिकल कालेज में रेमडेसिविर इंजेक्शन खत्म
बांदा। राजकीय मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन की कमी आदि संकटों के बीच रेमडेसिविर इंजेक्शन का खत्म होना समस्या को और बढ़ा रहा है। गंभीर कोरोना संक्रमितों को दिया जाने वाला रेमडेसिविर इंजेक्शन का स्टॉक मेडिकल कालेज में खत्म हो गया। कालेज प्रशासन के मुताबिक, लगभग 15 दिनों से स्टॉक में इंजेक्शन नहीं है। लगातार कई बार बड़े अफसरों को पत्र भेजकर इंजेक्शन की मांग की जा रही है। प्रधानाचार्य ने शुक्रवार की देर शाम तक लखनऊ से इंजेक्शन की आपूर्ति होने की उम्मीद जताई है। बताया कि सीएमओ के माध्यम से इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। करीब 100 इंजेक्शन प्राप्त हो सकते हैं। (संवाद)
इंसेट---
ऑक्सीजन की कमी के चलते कुछ मरीजों के तीमारदारों ने हंगामा किया। डाक्टरों से नोंकझोंक की, लेकिन हालात बिगड़ने से पहले ही संभल गए। 25 मई तक ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने पर प्रतिदिन 200 सिलिंडर ऑक्सीजन तैयार होगी। प्लांट से ऑक्सीजन मिलने पर संकट दूर हो जाएगा। मरीजों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिल सकेगी।
-डा. मुकेश कुमार यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज बांदा
इंसेट---
मरीजों के इलाज के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त
बांदा। शासन के आदेश पर चित्रकूटधाम मंडल में कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी गई। कोरोना मरीजों के इलाज को बांदा में राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज/एल-3 व संयुक्त मंडलीय चिकित्सालय/एल-2 कोविड अस्पताल संचालित हैं। इनमें मरीजों को भर्ती कराने के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने मंडल के चारों डीएम को निर्देश दिए कि इंटीग्रीटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम के नंबरों की होर्डिंग्स बनवाकर सार्वजनिक स्थान पर लगवाएं। आइसोलेशन के हर व्यक्ति से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से प्रतिदिन बात हो। एंटीजेन की जांच में पाजिटिव आने पर मरीज को तुरंत दवा किट दी जाए। संदिग्ध मरीजों की जांच से लेकर आइसोलेट करने तक की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट की होगी। उधर, डीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर सुधीर कुमार (मोबाइल-9454415969) व संयुक्त मंडलीय चिकित्सालय (एल-2) कोविड अस्पताल में तहसीलदार (न्यायिक) तिमराज सिंह (मोबाइल-9410815335) को सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। यह दोनों कोविड अस्पतालों में संक्रमित मरीजों के भर्ती से लेकर इलाज तक की निगरानी करेंगे, ताकि कोविड मरीजों को परेशानी न हो सके। (संवाद)
इंसेट---
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम के नंबर---
बांदा : 05192-221624, 221625, 221626, 221627
हमीरपुर : 05282-222330, 224543, 224542, 225491
महोबा : 05281-254901, 254902, 297939, 297940
चित्रकूट : 8765473613, 8765473609, 05198-235425, 298090
इंसेट---
अधिकारी-कर्मचारी फोन जरूर उठाएं
बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी/कर्मचारी फोन अनिवार्य रूप से रिसीव करें। डीएम ने सीडीओ/नोडल अधिकारी एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल रूम व डिप्टी कलक्टर/सह नोडल प्रभारी सुरभि शर्मा को निर्देश दिए कि आईसीसीसी के बाहर होर्डिंग्स पर हेल्पलाइन नंबर दर्ज कराएं। कंट्रोल रूम को और प्रभावी और क्रियाशील बनाएं। (संवाद)
इंसेट---
पांच दिन से नहीं लगी झाड़ू
बांदा। आवास विकास कालोनी (ए ब्लॉक) में पांच दिन से पालिका कर्मियों ने सफाई नहीं की। जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा है। सैनिटाइजर भी नहीं कराया गया। आवास विकास कालोनी से जुड़ी आफीसर कालोनी में भी सैनिटाइजर और सफाई नहीं की गई। समाजसेवी व आरटीआई एक्टिविस्ट कुलदीप शुक्ला ने कहा कि झाड़ू न लगने से गंदगी का आलम है। नालियां जाम हैं। कंटेनमेंट जोन होने के बाद भी सफाई व्यवस्था धड़ाम है। संक्रामक रोगों का खतरा मंडरा रहा है। (संवाद)
इंसेट---
कोरोना वारियर्स हार गई जिंदगी की जंग
बांदा। कोरोना वारियर्स भी जिंदगी की जंग हार गईं। पीएचसी जौरही के उप केंद्र चहितारा में एएनएम और शंकर बाजार निवासी महिला कर्मी कोरोना मरीजों की जांच करते हुए पॉजिटिव हो गई थी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे कानपुर इलाज के लिए ले गए थे। 27 अप्रैल को एएनएम ने दम तोड़ दिया। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-3- जिले का खोह स्थित कोविड अस्पताल। संवाद
बिना स्टाफ वेंटिलेटर बने शोपीस
चित्रकूट। कोविड अस्पताल खोह में सारे संसाधन मौजूद हैं। बावजूद इसके सामान्य मरीज को ऑक्सीजन मुश्किल से मिल रही हैं। अस्पताल में वेंटिलेटर तो पर संचालन करने वाला स्टाफ नहीं है। ऐसे में मरीजों को बांदा मेडिकल कालेज रेफर किया जाता है। जिले में मौजूदा समय पर डेढ़ हजार से अधिक की संख्या में कोरोना संक्रमित है। 200 बेड वाले कोविड अस्पताल खोह में भर्ती कई मरीज व उनके तीमारदारों ने सही इलाज न मिलने का आरोप लगाया हैं। एक तीमारदार ने बताया कि मरीज को ऑक्सीजन कमी के चलते भर्ती कराया है। देखरेख में कोई भी स्टाफ व डाक्टर मौके पर नहीं आ रहा है। उधर, प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने बताया कि सभी सुविधाएं मरीजों को दी जाती हैं। वेंटिलेटर तो अस्पताल में मौजूद हैं, लेकिन इसके संचालन के लिए ट्रेंड स्टाफ की जरूरत होती है, जो 24 घंटे काम कर सके। हाल में 15 नए मरीजों को भर्ती किया गया है। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-10- चित्रकूट जिले में शहर के उटारखाना मोहल्ले के एक घर में नमाज अदा करते बच्चे। संवाद
कोरोना से निजात की मांगी दुआ
चित्रकूट। रमजान माह के तीसरे जुमे पर रोजेदारों ने कोविड नियमों का पालन करते हुए घर व मस्जिद में नमाज अदा कर कोरोना से निजात की दुआ मांगी। शहर के तरौंहा, उटारखाना, कजियाना मस्जिदों में कोविड नियमाें का पालन किया गया। इसी प्रकार मऊ, मानिकपुर, पहाड़ी, राजापुर, सरैंया, भरतकूप, शिवरामपुर, बरगढ़ क्षेत्र की मस्जिदों में भी बहुत कम अकीदतमंद पहुंचे। शहर काजी मो. सरफराज ने बताया कि रमजान बरकतों का महीना है। इस माह सारे गुनाह माफ होते है। रमजान का मतलब केवल भूखे रहना नहीं, बल्कि इस माह अधिक से अधिक नेक काम करना है। गरीबों को हर संभव मदद करना चाहिए। (संवाद)
इंसेट---
32 सेक्टर मजिस्ट्रेट रोकेेंगे कोरोना
चित्रकूट। डीएम ने कोरोना संक्रमण प्रसार को रोकने के लिए एसडीएम के नेतृत्व में 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किए हैं। यह मजिस्ट्रेट न्याय पंचायतों में लक्षणयुक्त लोगों के चयन का कार्य करेंगे। एडीएम जीपी सिंह ने बताया कि डीएम ने कर्वी तहसील का प्रभारी एसडीएम रामप्रकाश को बनाया गया। उनके नेतृत्व में तहसीलदार कर्वी संजय कुमार अग्रहरि को न्याय पंचायत लोढ़वारा का सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया। मऊ तहसील का प्रभारी एसडीएम मऊ नवदीप शुक्ला को बनाया गया है। उनके नेतृत्व में मऊ, पूरब पताई न्याय पंचायत के लिए तहसीलदार मऊ शशिकांत मणि को सेक्टर में मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। मानिकपुर के लिए एसडीएम संगम लाल को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में तहसीलदार मानिकपुर राजेश कुमार को किहुनिया न्याय पंचायत का सेक्टर में स्टेट नामित किया गया है। राजापुर तहसील के लिए एसडीएम राजबहादुर को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में न्याय पंचायत नादिन कुर्मियान के लिए तहसीलदार राजापुर अजय कुमार कटियार को सेक्टर में मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। (संवाद)

इंसेट---
कई स्थानों पर सैनिटाइजेशन किया गया
चित्रकूट। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि कोविड-19 की रोकथाम एवं उपचार को जनपद के कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग व फायर ब्रिगेड विभाग ने सैनिटाइजेशन का कार्य किया है, जिसमें राजकीय संप्रेक्षण गृह, वृद्धावस्था आश्रम, कचहरी, शंकरगंज कर्वी, टिकरा सीतापुर, रत्नावली मार्ग, भरतपुरी, गोकुलपुरी, मिशन रोड, गांधी गंज, पालिका कार्यालय, डीएम कैंप कार्यालय, जल संस्थान कार्यालय, खटकाना, शंकर बाजार कर्वी, कच्ची छावनी, जगदीश गंज, तहसील परिसर कर्वी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, डीपीएम कार्यालय, डीटीओ कार्यालय, पीएम हाउस समेत कई हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन हुआ है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed