विधायक ने पकड़े बालू के ओवरलोड ट्रक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। कांग्रेस विधायक विवेक सिंह ने सोमवार की रात गिरवां थाना क्षेत्र में एक सैकड़ा ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। परिवहन विभाग ने आठ ट्रकों को सीज कर दिया और 15 का चालान किया। सीज किए गए ट्रक गिरवां थाना पुलिस के हवाले किए गए हैं। कहा कि 48 घंटे में ओवरलोड ट्रकों पर रोक न लगी तो वह खुद अलीगंज पुलिस चौकी में आमरण अनशन में बैठेंगे। मंगलवार को विधायक ने जिलाधिकारी को भेज पत्र में कहा है कि बांदा में प्रशासन के संरक्षण में अवैध खनन हो रहा है। वह दो बार मौजूदा डीएम को सूचित कर चुके हैं। कुछ दिनों पूर्व मवई बाईपास के पास खुद ट्रक पकड़े थे।
अब गिरवां में ट्रकों को पकड़कर एआरटीओ और थानाध्यक्ष गिरवां के हवाले कर दिया। कहा कि ट्रक ऊपर तक (ओवरलोड) भरी हालत में तिरपाल से ढककर थानों और चौकियों के सामने से निकाले जा रहे हैं। जबकि पुलिस अधीक्षक ने थानेदारों और चौकी इंचार्जों से प्रमाण पत्र ले रखा है कि उनके क्षेत्र में अवैध बालू की निकासी नहीं हो रही। प्रशासन को झूठी सूचना दी जा रही है। विधायक ने पत्र में कहा कि उनकी निधि से शहर में हाट मिक्स सड़कें बन रही हैं। यह सड़कें उन्होंने जनता को समर्पित की हैं, बालू माफिया को नहीं। इन्हें वह बर्बाद नहीं होने देंगे। कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन को रोका जाए। वरना वह खुद अलीगंज पुलिस चौकी पर आमरण अनशन में बैठने को मजबूर होंगे। उधर, एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विधायक की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। ओवरलोडिंग में 8 ट्रकों को सीज कर दिया गया और 15 का चालान किया गया है।