आय कर से ही हो रही है देश की तरक्की: चौधरी
बांदा (ब्यूरो)। आयकर विभाग कानपुर से आईं एडिशनल कमिश्नर गरिमा चौधरी ने कहा कि आयकर ही देश को तरक्की की राह पर ले जाता है। इसलिए हमें ईमानदारी से इसका भुगतान करना चाहिए। नरैनी रोड स्थित विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को आयोजित कार्यशाला में एडिशनल कमिश्नर ने छात्रों को आयकर के बारे में विस्तार से बताया। छात्र एहतेशाम अंसारी के सवाल पर बताया कि देश के हर आयकरदाता का कर्तव्य है कि वह आयकर विभाग को हर वित्तीय वर्ष के अंत में आमदनी का ब्योरा दे। यह जानकारी आयकर रिटर्न कहलाती है। छात्रा प्रिया कनौजिया के सवाल पर बताया कि टीडीएस सरकार द्वारा कर लेने का प्रत्यक्ष तरीका है। इससे कर चोरी को रोका जा सकता है। वेतन भोगियों को कर का भुगतान क्यों नहीं करना पड़ता ? इसके जवाब में कहा कि धारा 80 (सी) के तहत प्रत्येक वेतन भोगी को अपने पाठ्य की ट्यूशन फीस (शिक्षण शुल्क) को छोड़कर बकाया वेतन का कर भुगतना करना पड़ता है। भले ही उसके पास अन्य कितने भी खर्च क्यों न हों। गार्गी गुप्ता, आयुष पाल, राहुल रैकवार, लखन सेवलानी ने भी आयकर संबंधी कई सवाल किए। आयकर अधिकारी आरबी कमलवंशी, यूवी सिंह, केसीएनआईटी ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन अरुण कुमार निगम, सीए विजय गुप्ता आदि रहे। प्राचार्य एसी जैन ने आभार जताया।
व्यापारियों की संगोष्ठी
बांदा। सारंग सभागार में आयकर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अपर आयकर आयुक्त गरिमा चौधरी ने व्यापारियों को जीएसटी के बारे में जानकारी दी। विभाग व व्यापारियों की समस्याएं सुनी और निराकरण किया। उन्होंने कहा कि हर तीन माह में ऐसी संगोष्ठी की जाएगी। इस दौरान आयकर अधिकारी यूवी सिंह समेत व्यापारी मौजूद रहे।