{"_id":"5a622ca54f1c1b86268b5434","slug":"firs-will-be-collected-for-those-recovering-in-agasi-ghat","type":"story","status":"publish","title_hn":"औगासी घाट में वसूली करने वालों पर होगी एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
औगासी घाट में वसूली करने वालों पर होगी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो , बांदा
Updated Fri, 19 Jan 2018 11:06 PM IST
विज्ञापन
ठेकेदार से पूछताछ करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा और फतेहपुर की सीमा में यमुना नदी में बने औगासी घाट पांटून पुल पर चल रही वसूली में फतेहपुर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई और वसूली कर्ताओं पर रिपोर्ट के बाद बांदा प्रशासन और पुलिस ने भी शिकंजा कसा है। शुक्रवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी शालिनी ने अफसरों और फोर्स के साथ मौके का जायजा लिया। ठेकेदार को चेतावनी दी कि जिन लोगों ने वसूली की है उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराएं वरना ठेकेदार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पीडब्ल्यूडी हर वर्ष यमुना नदी पर पांटून पुल बनाकर बांदा और फतेहपुर को सड़क मार्ग से जोड़ता है। बांदा जनपद का औगासी और फतेहपुर का असोथर गांव यमुना नदी किनारे आबाद है। फतेहपुर प्रशासन ने अपनी ओर वसूली बंद करा दी। शुक्रवार को बांदा प्रशासन ने भी सख्ती शुरू की और डीएम व एसपी लाव-लश्कर के साथ औगासी घाट पहुंचे।
विज्ञापन
पुल ठेकेदार बच्चा सिंह को आड़े हाथों लिया। ठेकेदार ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वसूली के बारे में उसे पता चलते ही संबंधित कर्मचारियों को उसने तत्काल हटा दिया। डीएम ने ठेकेदार को निर्देश दिए कि वसूली करने वालों के विरुद्ध अपनी तरह से एफआईआर दर्ज कराएं और रिपोर्ट की एक प्रति उन्हें (डीएम) को भेजें। ऐसा न किया तो ठेकेदार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
विज्ञापन
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि अब पुल पर कोई वसूली नहीं होगी। पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता को निर्देश दिए कि घाट के दोनों ओर यह बोर्ड लगा दें कि पुल पर आवागमन नि:शुल्क है। पुल के लिए स्वीकृत 12 लाख रुपये की जानकारी मिलने पर डीएम ने जेई को निर्देश दिए कि इससे पुल की मरम्मत कराएं। जांच में अगर पुल कमजोर पाया गया तो जेई के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए विभाग को लिख दिया जाएगा।
डीएम ने एसडीएम बबेरू अवधेश कुमार श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश और मरका थानाध्यक्ष केके यादव को निर्देश दिया कि पुल पर कड़ी निगरानी रखें। यहां पर वसूली नहीं होनी चाहिए। एक सप्ताह के अंदर सारी जानकारी प्राप्त कर उन्हें अवगत कराएं। इसके लिए फतेहपुर प्रशासन की भी मदद लेने को कहा। डीएम और एसपी के साथ तहसीलदार सुनील कुमार और बांदा व फतेहपुर के कई अधिकारी भी थे। औगासी घाट के बाद डीएम ने समगरा पंप कैनाल का भी निरीक्षण किया।