{"_id":"576d7c264f1c1b0550b47d6e","slug":"enhanced-power-expected-to-be-better","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिजली आपूर्ति बेहतर होने की बढ़ी उम्मीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिजली आपूर्ति बेहतर होने की बढ़ी उम्मीद
ब्यूरो अमर उजाला, बांदा
Updated Fri, 24 Jun 2016 11:59 PM IST
विज्ञापन
खैराडा के पास नेशनल हाईवे किनारे बनाया जा रहा 400 केवीए सबस्टेशन।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में 220 केवीए का एक और सब स्टेशन मंजूर होने से बिजली व्यवस्था बेहतर होने का रास्ता साफ हो गया है। महोबा में इतनी ही क्षमता का सब स्टेशन तैयार है, जो एक या दो दिन में चालू हो जाएगा।
विज्ञापन
बांदा जिले में कई साल पहले ही 220 केवीए सब स्टेशन बन चुका है। चित्रकूट और महोबा जिलों के सब स्टेशनों पर प्रदेश सरकार करीब साढ़े 400 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इनके चालू होने के बाद चारों जिलों में बिजली आपूर्ति काफी बेहतर होने की संभावना है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में चित्रकूट जिले के पहाड़ी ब्लाक में 220 केवीए सब स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस सब स्टेशन के लिए साढ़े 12 एकड़ जमीन पहले ही अधिग्रहीत की जा चुकी है। दो माह पूर्व इसका शिलान्यास भी हो चुका है। यह सरैंया-मानिकपुर रोड पर बनाया जा रहा है।
विज्ञापन
ट्रांसमिशन विभाग ने सब स्टेशन के लिए 221.99 करोड़ और लाइनों के लिए 165 करोड़ मांगे हैं। मुख्य अभियंता (पावर कारपोरेशन डिस्ट्रीब्यूशन) एके सक्सेना ने उम्मीद जताई की एक से डेढ़ साल में यह सब स्टेशन बन जाएगा।
अधिशासी अभियंता (ट्रांसमिशन) उमेश वर्मा ने बताया कि सरैया सब स्टेशन बन जाने से चित्रकूट, राजापुर, मऊ, बरगढ़, मानिकपुर सहित चित्रकूट जिले की सीमा से जुड़े बांदा जिले के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जाएगी।
उधर, महोबा में मुख्यालय के पास बजरिया में 220 केवीए सब स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। इस पर लगभग 225 करोड़ रुपये लागत आई है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि शनिवार को सब स्टेशन की चार्जिंग शुरू हो जाएगी। इसके बाद लोड देकर चालू किया जाएगा।
बताया कि इस सब स्टेशन से महोबा, राठ, पनवाड़ी और सरीला आदि को बिजली आपूर्ति की जाएगी। बांदा मेें पैलानी और चित्रकूट में राजापुर में 40-40 एमवीए क्षमता के नए सब स्टेशन बनाने की भी योजना विचाराधीन है। अब चित्रकूटधाम मंडल के चार जिलों में हमीरपुर को छोड़कर सभी तीन जिलों में 220 केवीए क्षमता के सब स्टेशन हो जाएंगे। इससे मंडल की बिजली आपूर्ति बेहतर हो जाएगी।
अक्तूबर में चालू होगा 400 केवीए सब स्टेशन
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल का इकलौता 400 केवीए क्षमता का सब स्टेशन अक्तूबर तक तैयार हो जाएगा। 100 एकड़ में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सब स्टेशन की मंजूरी बसपा सरकार में 2008 में मिली थी। वर्ष 2012 में काम शुरू हुआ। वर्ष 2014 तक इसे पूरा होना था लेकिन निर्माण कंपनी ने बीच में काम ठप कर दिया। दो साल से ज्यादा काम ठप रहा। कुछ महीनों से फिर काम में तेजी आई है।
मुख्य अभियंता एके सक्सेना और अधिशासी अभियंता उमेश वर्मा का कहना है कि अक्तूबर तक तैयार हो जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इस सब स्टेशन से बांदा और महोबा के 220 केवी सब स्टेशनों से जोड़ा जाएगा। मंडल के सभी सब स्टेशनों को इंटर कनेक्ट किया जाएगा, ताकि किसी एक सब स्टेशन से बिजली बाधित होने पर दूसरे सब स्टेशन से आपूर्ति ली जा सके।
जुमा के वक्त कटौती, नमाजी पसीने में डूबे
बांदा। रमजान माह मेें मुख्यमंत्री द्वारा 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश बेअसर हो गए। पहले की तरह बाकायदा निर्धारित समय पर कटौती की जा रही है। रोजेदारों मेें रोष तब और नजर आया जब जुमा (शुक्रवार) को ठीक नमाज के वक्त दो घंटे की कटौती कर दी गई। उमस और गर्मी में हजारों लोगों ने पसीने में तरबतर होकर मस्जिदों मेें नमाज अदा की। सरकार को कोसा भी।
अधिशासी अभियंता (वितरण) डीएस राजपूत ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 11:25 से 1:25 तक दो घंटे कंट्रोल के निर्देश पर कटौती की गई। गौरतलब है कि मुख्य जामा मस्जिद सहित अधिकांश मस्जिदों में जुमा की नमाज अदा की जाती है। उधर, ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से कटरा और क्योटरा इलाकों में रात भर बिजली नहीं आई। शुक्रवार को दोपहर तक बिजली ठप रही।