पेड़ से बाइक टकराई, एक की मौत, दो घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अन्य दो सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत नाजुक होने पर एक को कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य हादसों में दो बाइक सवार समेत तीन राहगीर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शहर कोतवाली क्षेत्र के बाबा तालाब का अखिलेश (18) पुत्र जयपाल यादव रविवार को शाम पड़ोसी सुमित (25) व राजू (18) के साथ एक ही बाइक पर छेहराव गांव से वापस घर आ रहा था। कोतवाली देहात क्षेत्र के चटचटगन गांव के पास इसी गांव के गंगाप्रसाद (30) पुत्र द्वारिका को पीछे से टक्कर मार दी। गंगा प्रसाद घायल हो गया। दुर्घटना से हड़बड़ाए बाइक सवार भागते समय सड़क किनारे पेड़ से टकरा गए। अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। यूपी-100 ने गंगा प्रसाद और घायल दोनों बाइक सवारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बुरी तरह घायल सुमित को कानपुर रेफर कर दिया। मृतक के भाई कामता प्रसाद ने बताया कि अखिलेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था।
उधर, अन्य घटनाओं में गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव का गोपी (45) पुत्र प्रमोद सिंह रविवार की शाम बाइक से बांदा आते समय गांव के पास मवेशी से टकरा कर घायल हो गया। शहर के जरैली कोठी का अंकित (18) पुत्र लाल बहादुर सोमवार की सुबह पुलिस लाइन के पास बाइक से गिरकर जख्मी हो गया। पैलानी थाना क्षेत्र के साड़ी गांव का कुलदीप (14) पुत्र रामकिशोर सोमवार की सुबह साइकिल से परमहंस रणछोड़ दास इंटर कालेज (खप्टिहा कलां) जा रहा था। स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। बाइक सवार भाग निकले। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर कुलदीप को कानपुर रेफर कर दिया।