बलरामपुर। जिले के छह महाविद्यालयों में बुधवार को 496 छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन/टैबलेट का वितरण किया गया। डीपीएस इंस्टीट्यूट तुलसीपुर, दीप नरायन सिंह डिग्री कॉलेज तुलसीपुर, राजकीय महाविद्यालय बिलोहा गैसड़ी, राजकीय महाविद्यालय पचपेड़वा, रामफल मेमोरियल कन्या महाविद्यालय सहियापुर व सीता शरण सिंह महाविद्यालय जैतापुर में छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन/टैबलेट दिया गया है। स्मार्ट फोन/टैबलेट पाकर मेधावियों के हौसलों में पंख लग गए हैं। स्मार्ट फोन/टैबलेट पाने वाले छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्हें अब ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई करने में आसानी होगी।
डीपीएस इंटर कॉलेज तुलसीपुर में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी ने 117 छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन बांटा। कॉलेज के प्रबंधक अमित सिंह ने महंत को स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। महंत ने कहा कि आज ऑनलाइन शिक्षा का युग है। इस युग में प्रत्येक बच्चे के पास मोबाइल होना आवश्यक है, ताकि बच्चे घर बैठे भी पढ़ाई कर सकें। प्रदेश सरकार की इस योजना से बच्चों को पढ़ाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन होगा। इस अवसर पर अरुण गुप्ता, बीना सिंह, अनुराग सिंह आदि मौजूद रहे। इसी तरह दीप नरायन सिंह डिग्री कॉलेज तुलसीपुर में 209, राजकीय महाविद्यालय बिलोहा गैसड़ी में आठ, राजकीय महाविद्यालय पचपेड़वा में 36, रामफल मेमोरियल कन्या महाविद्यालय सहियापुर में आठ व सीता शरण सिंह महाविद्यालय जैतापुर में 118 छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन/टैबलेट वितरित किया गया है।