Ballia News : मूर्ति विजर्न के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर; मामले की जांच कर रही पुलिस
Ballia News : मामले की जानकारी मिलते ही उभांव थाने के पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों ने युवक को अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया। वहीं परिजन युवक को बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र लेते गए।
विस्तार
उभांव थाना क्षेत्र के अतरौल चक मिलकान में बीत रात प्रतिमा के विसर्जन के दौरान संदीप सिंह (22) के ऊपर किसी धारदार हथियार से गर्दन पर प्रहार कर गंभीर रूप से जख़्मी कर दिया। घटना उस समय घटी, जब लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन कर युवक आयोजकों के साथ घर वापस आ रहा था।
घटना के बाद घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीरवस्था के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से परिजन बेहतर उपचार के लिए मऊ लेकर चले गए। सूचना मिलते ही उभांव एसएचओ दल-बल के साथ मौके पर पहुंच घटना का जायजा लिया। इस संबंध में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छानबीन में जुटी पुलिस
थाना उभांव जनपद बलिया क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अतरौल में शनिवार को लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम था। ग्राम अतरौल की तीन प्रतिमाएं विसर्जन के लिए अतरौल से 1.5 किलोमीटर दूर इंदौल गांव गई थीं। प्रतिमा विसर्जन करने के बाद अतरौल गांव के लोग जब वापस लौट रहे थे तो दो व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया।
एक युवक ने जान से मारने की नीयत से संदीप की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि किसी युवक के ललकारने पर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया गया। सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची तथा घायल को सीएचसी सीयर लेकर आई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के परिजनों की ओर से थाने पर तहरीर दी गई। इसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर नामजद एक आरोपी मुन्ना यादव को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सूचना मिलने के बाद एएसपी एके झा व सीओ मोहम्मद फहीम कुरैशी मौके पर पहुंच मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।