बलिया। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन 21 जून को प्रातः छह बजे वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी योग कार्यक्रम होंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी को ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा जिला विकास अधिकारी को सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर कार्यक्रम की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी तहसीलों, ब्लॉकों और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स एवं अन्य प्रचार सामग्री लगवाई जाए। 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। योग दिवस के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश रहे।