जिउतिया की तैयारी के बीच अफरातफरी: मडुआ की लिट्टी-रोटी खाने से बिगड़ी महिलाओं की तबियत, जिला अस्पताल रेफर
बलिया जिले के आसचौरा गांव में जिउतिया की तैयारी के बीच अचानक 10 से ज्याजा महिलाओं की तबीयत बिगड़ने से अफरातफरी मच गई। महिलाओं को उल्टी, पेट दर्द व झटका आने लगा। इस दौरान सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विस्तार
बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के आसचौरा गांव में जिउतिया व्रत की तैयारी के दौरान मडुआ के आटे से बनी लिट्टी-रोटी खाना करीब 10 से अधिक महिलाओ के लिए मुसीबत बन गया। खाने के कुछ ही देर बाद अलग-अलग घरों में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और शरीर में झटके की शिकायत के बाद परिजन आनन-फानन मरीजों को बांसडीह सीएचसी ले गए। हालत गंभीर होने पर कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जिउतिया व्रत की तैयारी के तहत महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद सोनू वर्मा की दुकान से मडुआ का आटा खरीदा था। इसी आटे से घरों में लिट्टी-रोटी तैयार की गई। परंपरा के अनुसार सेवन करने के कुछ समय बाद ही महिलाओं और बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते करीब 10 घरों में बीमार लोगों की संख्या बढ़ गई।
बीमार लोगों में पिंकी पत्नी पिंटू (26), पुष्पा पत्नी विश्वनाथ (33), शिवम पुत्र अवधेश (10), फूलमती पत्नी राजेश राम (40), सुनीता पत्नी उमेश (36), देवा पुत्र अवधेश (9), सुमन पत्नी प्रमोद (32) और रंजिता वर्मा पत्नी श्यामनंदन वर्मा (35) समेत अन्य शामिल हैं।
एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से मचा हड़कंप
एक ही दुकान से खरीदे गए मडुआ के आटे से बनी सामग्री खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आटे की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मरीजों के जिला अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्यकर्मी अलर्ट हो गए। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और प्राथमिक इलाज के बाद मरीजों को वार्ड में भर्ती कर लिया गया। फिजिशियन डॉ. विनोद कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग सिंह और फार्मासिस्ट की टीम इलाज में जुटी रही।
क्या बोले अधिकारी
ईएमओ डॉ. डीपी गुप्ता ने बताया कि मरीजों को उल्टी, पेट में दर्द और शरीर में झटके की शिकायत है। चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी है। बांसडीह सीएचसी के डॉ. बीरबहादुर सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मडुआ का आटा खाने से फूड प्वाइजनिंग की आशंका है। आटा काफी पुराना होने की बात सामने आ रही है। वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।