बलिया में भारी हंगामा: बाइक पर छात्र ने रखा हाथ तो शिक्षक ने बेरहमी से पीटा, ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला
बलिया के शिक्षा क्षेत्र नगरा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रनऊपुर में पढ़ने वाले कक्षा छह के छात्र को शुक्रवार को शिक्षक ने पीट दिया था। छात्र का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने शिक्षक की बाइक पर हाथ रख दिया था।
विस्तार
कक्षा छह के छात्र को बाइक पर हाथ रखने की वजह से शिक्षक द्वारा कमरे में बंद कर पीटने के मामले को लेकर ग्रामीणों ने बवाल काट दिया। नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों शनिवार सुबह छात्र को लेकर विद्यालय के गेट में ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। इसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया। यह घटना बलिया के शिक्षा क्षेत्र नगरा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रनऊपुर की है।
हंगामे की सूचना पर जांच करने पहुंचे एबीएसए माधवेन्द्र पांडेय ने शिक्षक को दोषी पाने पर निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। बावजूद इसके ग्रामीण एसडीएम को बुलाने पर अड़े रहे। थानाध्यक्ष नगरा ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी देकर ग्रामीण का धरना समाप्त कराया।
रॉड और डंडे से पीटने का आरोप
नगरा थाना क्षेत्र के भीमपुरा नंबर 2 के कौवापार निवासी अरविंद कुमार का पुत्र विवेक कुमार पूर्व माध्यमिक विद्यालय रनऊपुर में कक्षा छह का छात्र है। विवेक का आरोप है कि शुक्रवार को लंच होने के दौरान स्कूल के ही एक शिक्षक की बाइक पर हाथ रखकर खड़ा था। इसी दौरान शिक्षक आए और उसे पीटते हुए एक कमरे में लेकर चले गए।
रॉड और डंडे से पीटने लगे। इसके बाद एक कमरे में बंद कर दिया। उसके शरीर पर मल्हम लगाकर उसे छुट्टी होने तक बंद रखा गया। जब सभी बच्चे घर चले गए तो उसे छोड़ा गया। विवेक की मां कोशिला ने शुक्रवार को नगरा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। देर रात तक बच्चे के परिजन थाने पर जमे थे। शनिवार सुबह सात बजे ग्रामीणों ने नाराज होकर विद्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया।
आरोपी शिक्षक के पर कार्रवाई के लिए धरने पर बैठ गए। कोई भी शिक्षक स्कूल में प्रवेश न कर सका। मामले को गंभीरता से लेते हुए एबीएसए नगरा माधवेन्द्र पांडेय मौके पर पहुंचे। पीड़ित छात्र व उसके परिजनों से बात की। दोषी पाए जाने पर शिक्षक के निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। इसके बाद भी ग्रामीण विद्यालय का ताला खोलने के लिए तैयार नहीं हुए।
एसडीएम बेल्थरारोड को बुलाने तथा आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पर अड़े रहे। एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे थानाध्यक्ष नगरा देवेन्द्र नाथ दूबे ने ग्रामीणों को आरोपी शिक्षक कृष्णमोहन शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज की जाने की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक सौंपा और धरना समाप्त किया।